भिलाई : चुनाव को लेकर छत्तीसगढ़ में आचार संहिता लागू हो गई है, आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद प्रशासनिक अमला उसके पालन में लगा हुआ है। सोमवार से ही नेताओं और राजनीतिक दलों के बैनर, पोस्टर और फ्लैक्स को निकालने का सिलसिला शुरू हो गया है। मंगलवार को भी भिलाई निगम का अमला संपत्ति विरूपण की कार्यवाही कर रहा था। इस काम में लगे निगम के जोन-5 के प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक और सहायक राजस्व निरीक्षक से सेक्टर-7 में मारपीट हुई, इस मारपीट में बवाल हो गया।
शराब के नशे में कार से पहुंचे दो लोगों ने उन पर आरोप लगाया कि वे सिर्फ भाजपा नेताओं के ही बैनर पोस्टर हटा रहे हैं और दीवार के विज्ञापन को मिटा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं के पोस्टर अभी भी टंगे हुए हैं। इसी बात को लेकर आरोपियों ने अपने कुछ और साथियों को बुलाकर निगम के अधिकारियों से मारपीट कर दी।
इस घटना की भिलाई नगर थाना में शिकायत की गई। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, गाली गलौज, शासकीय सेवक से मारपीट और धमकाने की धाराओं के तहत प्राथमिकी की है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में भिलाई निगम के जोन – 5 के प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक सागर दुबे और सहायक राजस्व निरीक्षक शशांक शेखर सिंह अपने दल के साथ संपत्ति विरूपण की कार्यवाही कर रहे थे। निगम का पूरा अमला सेक्टर-7 से नेहरू नगर जाने वाले ओवर ब्रिज के पिलरों और दीवार पर लिखे भाजपा प्रत्याशी प्रेमप्रकाश पांडेय के नाम को मिटा रहा था। इसी दौरान कार से दोनों आरोपी पहुंचे, दोनों के उस समय नशे में होने की बात बताई जा रही है।
निगम अधिकारियों ने आरोप लगाया कि दोनों शराब के नशे में थे। उनमें से एक आरोपी का नाम टी शंकर था। टी शंकर ने उनसे गाली गलौज करते हुए कहा कि निगम के अधिकारी सिर्फ भाजपा नेताओं के ही बैनर, पोस्टर, होर्डिंग्स उतार रहे हैं और दीवार पर लिखे नाम को मिटा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं के बैनर, पोस्टर नहीं हटाए जा रहे हैं, इसको लेकर दोनों आरोपी विवाद करने लगे।
निगम के अधिकारियों ने निष्पक्ष रूप से कार्यवाही करने की बात कही तो आरोपियों ने गाली गलौज शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने फोन कर आठ से 10 लड़कों को बुला लिया। इसके बाद प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक सागर दुबे से मारपीट की गई। बीच बचाव करने आए सहायक राजस्व निरीक्षक शशांक शेखर सिंह से भी हाथापाई की। घटना की शिकायत के बाद भिलाई नगर पुलिस ने दो आरोपी टी शंकर और डेनियल को गिरफ्तार कर लिया गया है।
तेजी से प्रसारित हो रहा घटना के दौरान का वीडियो :
निगम के अधिकारियों से विवाद का एक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है। जिसमें निगम अधिकारियों को गाली देने और प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक को थप्पड़ मारे जाने का दृश्य नजर आ रहा है। इस घटना का शिकार हुए निगम के अधिकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ लड़के चाकू और बेस बल्ला लेकर पहुंचे थे और उन्हें मारने की धमकी दे रहे थे। सेक्टर-7 में दोबारा नजर आने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है।
कार्यवाही के विरोध में थाना पहुंचे भाजपाई :
मारपीट की घटना के बाद हुई आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कुछ भाजपा कार्यकर्ता भी भिलाई नगर थाना पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस दबाव में कार्यवाही कर रही है। उन्होंने निगम के कर्मचारियों पर ही गाली गलौज और विवाद की शुरुआत करने का आरोप लगाते हुए दबाव में झूठी शिकायत करने की बात कही।
एएसपी शहर संजय ध्रुव ने कहा, घटना की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, गाली गलौज, शासकीय सेवक से मारपीट और धमकाने की धाराओं के तहत प्राथमिकी की गई है। मामले की जांच की जा रही है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जायेगा।