रायपुर : नशेड़ियों से राजधानी के लोग लगातार डर के साये में जीने को मजबूर है, नशेड़ी युवकों का हंगामा लगातार बढ़ता जा रहा है। जोरापुर क्षेत्र में नशे में धुत युवक ने एक महिला के साथ मारपीट कर दी। नशेड़ी युवक महिला के घर के सामने नशा कर रहा था। जब उसे महिला ने मना किया तो गुस्साए युवक ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। ये नशेड़ी किसी के उपर चाकू , पेचकस या ब्लेड से वार करने से भी नहीं चूकते।
डीडी नगर पुलिस थाने में शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित रोहित भोई ने पुलिस को बताया कि वो रायपुरा के जोरापारा मोहल्ले में रहता है। दोपहर के वक्त वो घर में खाना खा रहा था। तभी बाहर मोहल्ले का ही रहने वाला नशेड़ी युवक सागर यादव घर के सामने नशा कर रहा था। रोहित भोई की नानी ने जब उसे ऐसा करने से मना किया तो वह महिला के साथ मारपीट करने लगा। साथ ही उसने गाली-गलौज भी की। इसका एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें वह पत्थर उठाकर फेंकते हुए भी दिख रहा है। उसने पास रखी स्कूटी को भी नुकसान पहुँचाया।
घर के सामने रखी गाड़ी में भी की तोड़फोड़ :
आरोपी सागर यादव ने इस हंगामे के दौरान घर के सामने रखी हुई स्कूटी में भी जमकर तोड़फोड़ की। वीडियो में पत्थर उठाकर वह गाड़ी पर फेंकता हुआ भी नजर आया। इसके बाद उस पत्थर से उसने महिला पर भी वार करने की कोशिश की इसी बीच मोहल्ले के कुछ लोगों ने बीच बचाव किया तब जाकर मामला शांत हुआ। पत्थर अगर महिला को लग जाता तो वह गंभीर रूप से घायल हो जाती। आरोपी नशे की हालत में लगातार गाली गलौज करते हुए वहां से निकल गया। आरोपी के जाने के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर इसकी शिकायत भी दर्ज कराई। जिसके बाद इस मामले में डीडी नगर पुलिस ने कार्यवाही कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, आरोपी अब जेल में है।
पहले भी हुई थी मारपीट की घटना :
डीडी नगर थाना क्षेत्र में 2 हफ्ते पहले भी मारपीट और कुछ नशेड़ी युवकों के हंगामे की शिकायत आई थी। इस दौरान एक नाबालिग से भी मारपीट की गई थी। जिसके वीडियो में कुछ लोग नाबालिग से लगातार अवैध शराब से जुड़े लोगों का नाम बताने को कह रहे थे। नाबालिग ने रोते हुए कई लोगों के नाम भी बताए थे। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने नारायण साहू को अवैध शराब के मामले में गिरफ्तार किया है। उसके अड्डे में छापेमार कर 80 बॉटल शराब जब्त किया है।
उधर मेकाहारा में भी पहुंचा एक नशेड़ी :
‘मैं एरिया का दादा हूं, कोई पास आया तो उसकी गर्दन गिरा दूंगा’। यह धमकी एक नशेड़ी ने रायपुर के मेकाहारा अस्पताल के डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ समेत गार्ड को दी है। जिसका वीडियो भी सामने आया है। यह पूरा मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है। रविवार की देर शाम रायपुर के मेकाहारा हॉस्पिटल में अनुराग गिरी उर्फ राजा नाम का एक नशेड़ी बदमाश पहुंच गया। वो वहां भर्ती मरीजों के मोबाइल चोरी करने के फिराक में था। वहां मौजूद स्टाफ को उसकी हरकत पर शक हुआ तो उसे गार्ड ने पकड़ लिया। इसके बाद नशेड़ी ने जेब से ब्लेड निकालकर हंगामा करना चालू कर दिया। नशेड़ियों के आतंक से राजधानी वासी दहशत में जी रहे है।