पुलिस चेकिंग में लगातार पकड़ा रहे लाखों की रकम परिवहन करने वाले, अक्टूबर महीने में अब तक साढ़े 69 लाख रुपए जब्त, अब स्टेशन से पकड़ाया ओड़िशा का व्यक्ति।

रायपुर : आचार संहिता को ध्यान में रखते हुये पुलिस लगातार नजरबंदी कर रही है, ज्यादा रकम ले जाने वाले लोगों पर पुलिस की कड़ी निगरानी है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में बुधवार को कुल साढ़े 29 लाख रुपए नगद जब्त किए हैं। गोलबाजार इलाके में पुलिस ने युवक से 22 लाख रुपए बरामद किए। वहीं दूसरे मामले में रायपुर रेलवे स्टेशन पर एक युवक के पास से साढ़े 7 लाख रुपए जब्त किए गए हैं। पुलिस ने इस महीने चेकिंग में अब तक 69.5 लाख रुपए जब्त किए हैं। पहला मामला बुधवार देर शाम को रायपुर रेलवे स्टेशन पर सामने आया। यहां RPF और गंज थाना पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों के सामान की भी चेकिंग की गई। जिसके पास से नगद रकम मिली उससे कड़ी पूछताछ की गई।

ट्रेन से उतरते ही पूछताछ के बाद चेकिंग :

चेकिंग के दौरान पुलिस ने ट्रेन से रायपुर स्टेशन पहुंचे एक संदिग्ध युवक को रोका। उसने खुद की पहचान 24 साल के अमन गुप्ता जिला बलांगीर ओड़िशा बताया। जब पुलिस ने उसके बैग की चेकिंग की, तो उसमें 7 लाख 58 हजार रुपए मौजूद थे। ट्रेन में सवार एक व्यक्ति के पास इतने सारे नगद रुपए देखकर पुलिस ने उससे कागजात की मांग की। जब पुलिस ने उस युवक से इन रुपयों के बारे में पूछा, तो वो गोलमोल जवाब देकर गुमराह करने की कोशिश करने लगा। उसके पास इन पैसों को लेकर कोई वैध दस्तावेज भी मौजूद नहीं थे। इसके बाद पुलिस ने इन रुपयों को जब्त कर लिया है, और उसके खिलाफ कार्यवाही की जा रही है।

दूसरी घटना में 22 लाख रुपए जब्त :

बुधवार की देर रात एक युवक के पास गोल बाजार पुलिस ने चेकिंग में नगद जब्त किया है। ये युवक अपनी स्कूटी पर सवार होकर जा रहा था। पुलिस ने युवक को गाड़ी की जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान उसके पास रखे बैग से 22 लाख रुपए नगद बरामद हो गए। युवक का नाम कारिया जसवंत कुमार है। वो रायपुर की प्रोफेसर कॉलोनी का रहने वाला है। उसके पास से पुलिस को पैसों को लेकर कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। जिसके बाद पुलिस ने इसकी सूचना आयकर विभाग को दे दी है। पुलिस के हत्थे लगातार काफी लोग चढ़ रहे है। आचार संहिता के चलते अगर आपके पास 50 हजार रूपये से ज्यादा की रकम मिलती है तो आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।