उज्जैन (म.प्र.) : ठगबाज अपने नये – नये तरीके से ठगबाजी करके लोगों को हैरान कर देते है, जो आम आदमी सोच भी नहीं पाता, ऐसे ही ठग खुद को टीटीई बताकर ट्रेनों में यात्रियों से वसूली कर रहा था, उस युवक को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। आरोपित सूट-बूट पहनकर तथा गले में टाई लगाकर यात्रियों से रुपये वसूलता था। वह कई दिनों से भोपाल – उज्जैन पैसेंजर ट्रेन में चेकिंग के नाम पर वसूली कर रहा था।
यात्रियों से लगातार मिल रही थी शिकायत :
जीआरपी टीआई ज्योति शर्मा ने बताया कि यात्रियों द्वारा रेलवे अधिकारियों व आरपीएफ को शिकायत की जा रही कि चेकिंग के नाम पर वसूली की जा रही है। गुरुवार को सीसीटीसी (वाणिज्यिक सह टिकट क्लर्क) राजेश्वर कुमार शर्मा व टीम ने भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन से एक युवक को पकड़ा, युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, उसके आधार पर मामला दर्ज किया जायेगा। गुरुवार को कालापीपल रेलवे स्टेशन पर भोपाल-उज्जैन एक्सप्रेस ट्रेन पहुंची, तो संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया।
बैग की तलाशी में मिला फर्जी रेलवे परिचय पत्र :
युवक के बैग की तलाशी ली तो उसके पास रेलवे का फर्जी परिचय पत्र मिला। इसमें उसका नाम दिवाकर मिश्रा पद- एसी कोच मैकेनिक लिखा था। आरोपी ने भारतीय रेलवे के परिचय पत्र का यह पट्टा पहना हुआ था। आरोपी 31 वर्षीय दिवाकर निवासी शिव नगर कालोनी विदिशा रोड हुजूर, भोपाल के परिचय पत्र की जांच की गई तो वह फर्जी निकला।
शौचालय में बदलता था कपड़े :
रेलवे पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी दिवाकर सामान्य यात्रियों की तरह ट्रेन में चढ़ता था, फिर ट्रेन के शौचालय में टीटीई की ड्रेस पहनकर नकली आईडी गले में लटका लेता था। इसके बाद वह यात्रियों के टिकट चेक करने के नाम पर वसूली कर फिर से कपड़े बदलकर बाहर निकल जाता था। पुलिस ने आरोपी के पास से यात्रियों से वसूले गए 200 रुपये, टीटीई की ड्रेस व फर्जी परिचय पत्र जब्त कर उसके खिलाफ केस दर्ज किया है। इस मामले में कई यात्रियों से शिकायत मिली थी।