रायपुर : राजधानी के राजातालाब क्षेत्र में पति ने पत्नी के चरित्र पर संदेह और मोबाईल पर बात करने को लेकर विवाद के बाद उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस मौके पहुंची तो महिला का खून से लथपथ शव घर में पड़ा हुआ था। घटना की जानकारी लगते ही मोहल्ले में सनसनी फैल गई। आरोपी का नाम प्रहलाद यादव और मृतका का नाम पिंकी उर्फ तारा यादव था। तारा यादव मंदिर हसौद के कोटनी गांव की रहने वाली थी। 5 वर्ष पूर्व ही प्रहलाद से उसकी शादी हुई थी, यह घटना 2019 की है। बताया जाता है कि शादी के बाद से ही प्रह्लाद तारा के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों में कई बार विवाद भी हो चुका था। गुरुवार रात भी तारा यादव घर में मोबाईल से किसी से बात कर रही थी। उस दौरान प्रहलाद भी पहुंच गया और अनजान शख्स से बात करने का आरोप लगाकर विवाद करने लगाा। देखते ही देखते विवाद इतना बड़ा गया कि प्रहलाद ने घर में रखे गैस सिलेंडर (पांच किलो वाला) से पत्नी के चेहरे पर प्रहार कर दिया। घटनास्थल पर ही पत्नी की मौत हो गई। घटना के बाद प्रहलाद ने खुद ही सिविल लाइन थाने में पहुंचकर इसकी जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया था।
अब इस मामले में हुआ ये :
अब उसी मामले में पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को सीजेएम भूपेंद्र कुमार वासनीकर ने आजीवन कारावास से दंडित किया है। अतिरिक्त लोक अभियोजक शमीम रहमान ने बताया कि राजातालाब में प्रहलाद यादव (28) अपनी पत्नी ताराबाई और एक साल के पुत्र के साथ किराए के मकान में रहकर मजदूरी का काम करता था। मोबाइल पर अक्सर पत्नी को बात करता देखकर वह उसके चरित्र पर संदेह करने लगा था।
पुलिस ने उसे हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर प्रकरण की जांच की। इसके बाद तीन फरवरी 2020 को कोर्ट में चालान पेश किया। प्रकरण की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से कुल 15 गवाहों के बयान करवाए गए। सीजेएम भूपेंद्र कुमार वासनीकर ने गवाहों के बयान और पुलिस के केस डायरी और पेश किए गए ठोस सुबूत के आधार पर आरोपी को आजीवन कारावास का फैसला सुनाया।