रायपुर : राजधानी में पति – पत्नी के बीच धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला ने अपनी बेटी का जन्म स्थान गलत बताकर जन्म प्रमाण पत्र बनवा लिया था। इसकी जानकारी होने पर उनके पति ने महिला के ही खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवा दिया है। इस मामले में पुलिस ने पति की शिकायत पर उसकी पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि हैदराबाद का निवासी मोहम्मद आदिल भोजानी का वर्ष 2021 में रायपुर की आफरीन सना के साथ विवाह हुआ था। इसके बाद वर्ष 2022 में हैदराबाद में ही दोनों की एक बेटी अनम आदिल उर्फ एजल आदिल हुई। इसके बाद पति-पत्नी के बीच झगड़ा होने लग गया, दोनों के बीच विवाद काफी बढ़ा, जिसके बाद पत्नी अपनी बेटी को लेकर रायपुर आ गई और इसके बाद दोबारा हैदराबाद नहीं गई है। इस घटना के बाद दोनों के बीच बवाल लगातार जारी रहा है।
मोहम्मद आदिल भोजानी ने रायपुर आकर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह मुजफ्फर रेसीडेंसी हैदराबाद में रहता है। उसका 2021 में नवापारा निवासी आफरीन सना के साथ मुस्लिम रीति रिवाज साथ विवाह हुआ था। दोनों हैदराबाद में ही रह रहे थे। जहां 1-11-22 को फर्नाडिस फाउन्डेसन अस्पताल हैदराबाद में उसकी पुत्री अनम आदिल उर्फ एजल का जन्म हुआ था। जिसके बाद आफरीन सना मोहम्मद आदिल पर नौकरी छोडकर रायपुर में रहने और घर जमाई बनने के लिए दबाव बनाती थी। और बच्ची के साथ अपने मायके में रहने और की धमकी देकर ब्लैक मेल और झूठे केस में फसाने की धमकी देती थी।
महामृत्युंजय मन्त्र उत्पत्ति की कथा और महत्व के साथ : https://www.youtube.com/watch?v=L0RW9wbV1fA
इसी बीच आफरीन ने रायपुर नगर निगम से अपनी बेटी का जन्म प्रमाण पत्र बनवा लिया है। इसमें दिए गए दस्तावेजों में आफरीन ने बच्ची का जन्म स्थान हैदराबाद के बजाय रायपुर बताया था। इस तरह झूठी जानकारी देकर जन्म प्रमाण पत्र बनवाया गया था। इसकी जानकारी होने पर आदिल ने कोतवाली थाने में इसकी शिकायत कर दी। पुलिस ने आफरीन के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।
आफरीन अपने पति आदिल और उनके परिवार वालों पर दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज करवा चुकी है। इस मामले में आदिल और उनके परिवार वाले जमानत पर बाहर हैं। फिलहाल कोतवाली पुलिस ने आफरीन के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



