कोल्लम (केरल) : हाल ही में महाराष्ट्र के नागपुर में औरंगजेब के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर दंगा हुआ था, जिसमें आरएसएस के कार्यालय पर भी हमला किया गया था, वहीँ अब केरल में कोल्लम जिले के कोट्टुक्कल में त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (TDB) द्वारा प्रबंधित एक मंदिर में आयोजित संगीत समारोह के दौरान आरएसएस का ‘गण गीतम’ (प्रार्थना गीत) गाये जाने से विवाद पैदा हो गया है। वहीँ कांग्रेस ने इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है। यह गीत रविवार की सुबह मंदिर में आयोजित ‘गण मेला’ (संगीत समारोह) के दौरान एक पेशेवर संगीत मंडली के सदस्यों द्वारा प्रस्तुत किया गया था। इस पर कांग्रेस ने आपत्ति दर्ज करवाई है।
मंदिर परिसर में RSS के झंडे लगाने का आरोप :
पुलिस के अनुसार, यह भी आरोप है कि उत्सव के सिलसिले में मंदिर परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के झंडे लगाये गये थे। विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने कहा कि मंदिर उत्सव के दौरान ‘आरएसएस गणगीथम’ का गायन ‘गंभीर चिंता का विषय है’ और उन्होंने टीडीबी से इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्यवाही करने का आग्रह किया है। मंदिर में आरएसएस के गायन पर इस तरह बवाल मचा हुआ है।
साथ ही इस मामले में वी डी सतीशन ने कहा ने एक बयान में कहा है कि यह उल्लंघन टीडीबी की तरफ से प्रबंधित मंदिर में हुआ, जबकि हाईकोर्ट ने यह फैसला दिया था कि मंदिरों का उपयोग राजनीतिक आयोजनों के लिए नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, देवस्वोम बोर्ड और सरकार को इसमें शामिल लोगों के खिलाफ तुरंत और दृढ़ता से कार्यवाही करने के लिए तैयार रहना चाहिए। मंदिर भक्तों के हैं, मंदिर परिसर और त्यौहारों का राजनीतिकरण करना छोटी मानसिकता को दर्शाता है। ऐसे में इस मामले में आरएसएस की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।



