महासमुंद : ठगबाज अपनी गतिविधियों को विविध तरीकों से अंजाम दे रहे है, ऐसे ही महासमुंद जिले सहित अन्य जिलों में दो महिलाओं ने मिलकर 151 महिलाओं से लगभग 69 लाख रुपये की ठगी कर ली है, इनका ठगी का तरीका चौंकाने वाला है। पुलिस ने दोनों ही शातिर महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा दिया है। दरअसल, रायपुर की रहने वाली राखी ध्रुव और पूनम नायक ने 2024 में आटा चक्की लगाकर लघु उद्योग स्थापित कराने के नाम पर पहले महिलाओं को झांसे में लिया था और फिर दोनों ने महासमुंद शहर, मुड़ियाडीह और आरंग गांव में 10-10 महिलाओं का समूह बनाया और एक-एक आटा चक्की स्थापित कराने की बात कही। जिसके साथ ही उन महिलाओं को 6-6 हजार रुपये भी मानदेय देने का झांसा दिया, जिसके झांसे में महिलायें आ गई।
40-40 हजार का लिया कर्जा :
इसके बाद ठग महिलाओं ने बड़े पैमाने पर लघु उद्योग स्थापित करने के लिए सभी को बैंक से लोन लेने को कहा और फिर सभी महिलाओं ने बैंक से 40-40 हजार रुपये का लोन ले लिया और इसके बाद पैसे पीड़ित महिलाओं ने दोनों ठग महिलाओं को दे दिये, जिससे ये डेढ़ सौ महिलायें मुसीबत में पड़ गई है। ठगी से परेशान महिलाओं ने जब सच्चाई जानने की कोशिश की तो पता चला कि उन्हें धोखा दिया गया है।
फिर किश्त कर दी बंद :
ठग महिलाओं ने शुरू में तो कुछ महीने तक बैंक की किश्त जमा की, लेकिन उसके बाद में उन्होंने बंद कर दी, जिससे अन्य महिलायें झांसे में आ गई। पिछले 6 महीने से किश्त जमा नहीं करने पर बैंक वाले महिलाओं को किश्त जमा करने का दबाव बनाने लगे। महिलाओं ने परेशान होकर थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद सभी महिलायें पुलिस के साथ रायपुर पहुंची और दोनों ठग महिलाओं को पकड़कर सिटी कोतवाली ले आईं। ऐसे ही फिर ठगी के मामले में पुलिस ने आरोपी महिलाओं से पूछताछ की और इन दोनों ठग महिलाओं से जानकारी मिली कि उन्होंने महासमुंद की 50 महिलाओं से 28 लाख 38 हजार, आरंग की 79 महिलाओं से 31 लाख 60 हजार, महासमुंद जिले के ग्राम मुडियाडीह की 22 महिलाओं से 8 लाख 80 हजार रुपये की ठगी की है। इन पर दुर्ग जिले के उतई में भी ऐसे ही ठगी के 2 मामले पहले से ही दर्ज है।



