नाबालिग युवती से मिलने गये युवक को लोगों ने नग्न कर पीटा, वीडियो वायरल।

सक्ती : जिले से एक ऐसी वीभत्स और शर्मनाक घटना सामने आई है। जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। एक दलित युवक को निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा गया है। मारपीट के दौरान युवक पानी के लिए तड़पता रहा। वो लोगों से पानी मांगता रहा लेकिन किसी ने उसे पीने के लिए पानी तक नहीं दिया। मामला है एक 16 वर्षीय लड़की से मिलने गए 21 वर्षीय युवक को लड़की के परिजनों ने नग्न कर पीटा है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी है। सोशल मीडिया में इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को इस मामले में पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। घटना 9 अप्रैल की बताई जा रही है। घटना मालखरौदा थाना क्षेत्र के ग्राम बड़े रबेली की है। मामले की रिपोर्ट पर पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना आठ अप्रैल की रात मालखरौदा थाना क्षेत्र के बड़े रवेली गांव की है जब अनुसूचित जाति सतनामी समाज से समबन्ध रखने वाला डभरा थाना क्षेत्र का निवासी राहुल अंचल अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की 16 वर्षीय लड़की से मिलने के लिए पहुंचा था। इस मामले में अधिकारी ने कहा, ‘‘लड़की के परिजनों ने रात में युवक को अपने घर पर पकड़ लिया था और कथित तौर पर उसे बंधक बना लिया।” पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने राहुल को रातभर कथित तौर पर चप्पल, केबल तथा पाइप से पीटा। उन्होंने बताया कि नौ अप्रैल की सुबह राहुल को नग्न कर गांव की सड़कों पर पीटा गया है।

पूरी रात पीटा गया :

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में, पीड़ित एक पेड़ के नीचे एक चबूतरे पर बैठा दिख रहा है और एक व्यक्ति उसके पैरों पर रस्सी से मार रहा है। एक अन्य वीडियो में, पीड़ित को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि लड़की के माता-पिता ने उसे एक कमरे में पकड़ लिया और फिर अन्य लोगों को बुला लिया जिसके बाद उसे पूरी रात पीटा गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि राहुल को रायगढ़ जिले के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सक्ती जिले की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया, ‘‘युवक पर हमले के संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया तथा उनकी शिकायत के आधार पर मामले में प्राथमिकी दर्ज की।”

शर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया, ‘इस संबंध में अब तक पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है और आगे की जांच जारी है।”

इन सात पर जुर्म दर्ज :

दलित समाज के लोगों में गुस्सा फूट पड़ा और जीआर बंजारे पिता कार्तिक बौद्ध की रिपोर्ट पर पुलिस ने बड़े रबेली निवासी सूर्या चंद्रा,बलवंत चंद्रा, गोविंद चंद्रा, हेमप्रकाश चौहान, चक्रधर चंद्रा, मणी चंद्रा एवं भागी चंद्रा के खिलाफ बड़ी बड़ी 10 धाराओं के तहत जुर्म दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरतारी नहीं हुई है।

सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है। पीड़ित से बयान लेने के बाद 7 लोगों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया गया है। : मनीष कुंवर, एसडीओपी सक्ती