कारोबारी के सूने मकान से लाखों के सोने-हीरे के जेवरात चोरी।

रायपुर : सूने मकान पर चोरों की निगाह बनी रहती है, बाहरी चोर गिरोह लगातार रेकी करता रहता है और मौका मिलते ही चोरी की घटना को अंजाम दे देता है। ऐसे ही राजधानी रायपुर में एक बार फिर बाहरी चोर गैंग ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत परसूलीडीह स्थित क्लासिक सिटी सोसाइटी के एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने लगभग 20 लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया है। मामले में मिली जानकारी के अनुसार, सीड्स कारोबारी मनीष सहगल व्यवसायिक कार्य के सिलसिले में ओड़िशा गए हुए थे।

इस दौरान उनका मकान पूरी तरह से सूना था। इसी का फायदा उठाते हुए चोर गैंग ने घर के सभी कुंडे और ताले तोड़कर अंदर घुसपैठ की है। जिसके बाद घर के तीनों कमरों में रखी अलमारियों के लॉकरों को तोड़कर शातिर चोर सोने, चांदी और हीरे के आभूषण लेकर फरार हो गए है। चोरी गए जेवरातों की कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है। इस घटना की जानकारी मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। ऐसी घटनाओं में लोगों से अपील की जाती है की कभी – भी मकान को सूना ना छोड़ें।