बिलासपुर : नशे का कारोबार लगातार फल – फूल रहा है, ऐसे में अवैध नशे के खिलाफ बिलासपुर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसमें अवैध नशे के व्यापार से अर्जित संपत्ति को जब्त भी किया जा रहा है। पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर बड़ी कार्यवाही की है। जांच में पता चला कि आरोपी अजय चक्रवर्ती ने नशे के अवैध कारोबार से पत्नी और अपनी गर्लफ्रेंड के नाम पर जमीन-मकान की संपत्ति खरीदी थी। पुलिस ने इसकी पहचान कर लगभग 1.20 करोड़ मूल्य की संपत्ति सीज की है। सीज की गई संपत्तियां आवासपारा (सिरगिट्टी) और टिकरापारा में स्थित है।
इस मामले में जानकारी सामने आई है कि एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिस की विवेचना के बाद आरोपी अजय चक्रवर्ती की पत्नी और गर्लफ्रेंड के नाम पर बनाए गए आलीशान मकानों की जब्ती के लिए साफ़ेमा कोर्ट प्रतिवेदन भेजा है। वहीं इस मामले में प्रधान आरक्षक प्रभाकर सिंह को उत्कृष्ट कार्य करने पर एसएसपी ने 500 रुपए कैश रिवार्ड भी प्रदान किया गया है। साथ ही एसएसपी ने बताया कि वर्तमान में जो एनडीपीएस की कार्यवाही हो रही है उसके अलावा पूर्व के वर्षों में दर्ज प्रकरणों में भी आरोपियों की संपत्ति खंगालकर जब्त की जा रही है।
पूर्व में जिन आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट की कार्यवाही की गई थी उनके प्रकरणों की स्क्रूटनी की जवाबदारी सीएसपी निमितेश सिंह को दी गई थी। स्क्रूटनी के दौरान उनकी नजर में तोरवा थाना में वर्ष 2021 में दर्ज एनडीपीएस के एक प्रकरण पर पड़ी, जिस पर उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के संज्ञान में यह मामला लाया गया। इस मामले में पूर्व में चालान भी प्रस्तुत हो चुका था। आरोपी की फाइल दोबारा खोलकर नशे से अर्जित संपत्ति जब्त करने के निर्देश एसएसपी ने दिए गये थे, जिस पर सीएसपी निमितेश सिंह ने थाना सिरगिट्टी के प्रधान आरक्षक प्रभाकर सिंह को इसकी विवेचना सौंपी और जांच शुरू करवाई।
फाइल खोलकर एनडीपीएस एक्ट की धारा 68– एफ के तहत एक बड़ी कार्यवाही की गई। इस कार्यवाही में आरोपी अजय चक्रवर्ती द्वारा अवैध नशे के व्यापार से कमाए गए अवैध संपत्तियों को चिन्हित किया गया था। मामले की जांच में पता चला था कि आरोपी अजय चक्रवर्ती अवैध नशे के व्यापार की रकम पुलिस के नजर में आने से बचने के लिए बिचौलिए के खाते में मंगवाता था और उसकी निकासी कर उसने बिलासपुर के आवासपारा सिरगिट्टी में 3500 स्क्वायर फीट और टिकरापारा में 1500 स्क्वायर फीट का आलीशान मकान अपनी पत्नी और गर्लफ्रेंड का नाम पर बना रखा है। विवेचना में संपत्ति चिन्हित कर इसे एसएसपी ने साफ़ेमा कोर्ट मुंबई को जब्त करने के लिए प्रतिवेदन भेजा गया है। उक्त संपत्तियों की कीमत एक करोड़ 20 लाख रुपए है।
अब तक 17 लोगों की 7 करोड़ की अवैध संपत्तियां जब्त :
इस मामले में सिरगिट्टी थाने के प्रधान आरक्षक प्रभाकर सिंह ने उत्कृष्ट कार्य किया। इसके चलते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उसे अपने कार्यालय में बुलाकर सम्मानित किया है। प्रधान आरक्षक से हाथ मिलाकर एसएसपी ने उसका उत्साहवर्धन किया गया। इसके साथ ही 500 रुपए कैश रिवॉर्ड की घोषणा की गई। यह प्रधान आरक्षक की सेवा पुस्तिका में अंकित की जायेगी। बता दें कि बिलासपुर जिले में अब तक कुल 6 प्रकरणों में 17 व्यक्तियों की अवैध संपत्तियां जब्त कर चिन्हित की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग सात करोड़ रुपए है। नशे के सौदागर लगातार नशे को बाजार में बड़ी मात्रा में खपा रहे है।



