म.प्र. की अवैध शराब की तस्करी करते पकड़ाये रोशन साहू और मनोज, लाखों की अवैध शराब जब्त।

राजनांदगांव : राज्य में शराब की तस्करी पर बसंतपुर पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है, जिसमें दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लाखों रुपए की मध्यप्रदेश निर्मित अवैध शराब जब्त की गई है। मामले में पुलिस ने बताया कि आरोपी कार से भारी मात्रा में शराब को राजनांदगांव जिले में खपाने की कोशिश में था। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस की टीम ने आरके नगर क्षेत्र में पॉइंट लगाया। जांच के दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई है.जिसमें आरोपी रोशन साहू और उसका एक साथी पकड़ाया है।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर बसंतपुर क्षेत्र में असामाजिक तत्वों एवं अवैध गांजा, शराब व नशीले पदार्थाें की बिक्री में संलिप्त लोगों के विरूद्व लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बसंतपुर थाना प्रभारी एमन साहू ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की छानबीन भी की जा रही है। बरामद शराब और वाहन को जब्त कर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान तेज किया जायेगा। राज्य में बाहरी शराब की तस्करी लम्बे समय से की जा रही है।

पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम मनोज आचार्य निवासी बोरसी दुर्ग प्रगति मैदान एवं रोशन साहू निवासी धौराभांठा, धमधा जिला बेमेतरा का रहने वाला बताया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ राजनांदगांव, दुर्ग, महासमुन्द, रायगढ़, बलौदाबाजार, बेमेतरा में आपराधिक प्रकरण दर्ज है, ये आदतन अपराधी बताये गये है। जब्त शराब व कार, मोबाईल जुमला कीमत 7,46,414 रुपए है। इस मामले में पम्मे सरदार एवं अन्य की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पुलिस ने लगातार शराब के तस्करों पर कार्यवाही की बात कही है।