अपने भतीजे से प्रेम कर बैठी अंशु यादव एक दिन गायब हो गई, फिर सामने आया खौफनाक मामला।

आगरा (उ.प्र.) : वर्तमान में रिश्तों की मर्यादा खत्म सी हो गई है, जिसके कारण होने वाले प्रेम संबंधों का अंजाम खौफनाक रूप ले रहा है। इस साल के अक्टूबर से ही 65 साल के रिटायर्ड दारोगा रणवीर सिंह यादव की बेटी अंशु यादव लापता चल रही थी। पुलिस को अंशु के गायब होने की जानकारी नवंबर के महीने में मिली थी, जिसके बाद पुलिस भी उसे खोज रही थी। जब पुलिस ने पिता रणवीर सिंह यादव से पूछा तो पिता ने कहा कि बेटी घर से चली गई है। मगर आगरा पुलिस मामले की जांच में जुटी रही। पुलिस की कार्यवाही लगातार चलती रही।

इसी बीच पुलिस को पता चला कि एक युवक ने हाईकोर्ट में अंशु के लापता होने की याचिका दाखिल की है। इसमें हाईकोर्ट से अपील की गई थी कि वह अंशु यादव का पता लगाने का आदेश पुलिस को दे। पुलिस ने जब याचिका लगाने वाले युवक की जांच की तो सामने आया कि वह उसके रिश्ते का भतीजा है और उसके साथ अंशु का प्रेम संबंध भी चल रहा था। इसके बाद पुलिस ने सनसनीखेज कांड का खुलासा किया और पता चला कि जिस अंशु यादव को पुलिस लगातार खोज रही थी, उसका तो अक्टूबर में ही कत्ल कर दिया गया था। इस खुलासे से पुलिस भी हैरान रह गई और उसने जांच को नये तरीके से शुरू किया।

अंशु को क्यों मारा गया?

रणबीर सिंह ने अपनी बेटी की हत्या अक्टूबर महीने में ही कर दी थी। वहीँ बेटी की हत्या के बाद उसकी लाश को भी इटावा ले जाकर ठिकाने लगा दिया था। दरअसल पुलिस जांच के दौरान शक अंशु के पिता पर ही गया था, दूसरी तरफ युवती का भी कुछ पता नहीं चल रहा था। ऐसे में पुलिस ने पिता से ही सख्त पूछताछ की, जिसके बाद वह टूट गया। इसी बीच पुलिस के हाथ अंशु का एक वीडियो भी लगा, जिसमें उसने अपने माता-पिता-परिवार से जान को खतरा बताया था। इस पूछताछ में पिता ने बताया कि बेटी अंशु का अपने ही रिश्ते में लगने वाले भतीजे के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। जिससे पूरा परिवार इसके खिलाफ था। वो उसके साथ शादी करना चाहती थी और रिश्ता खत्म करने के लिए तैयार नहीं थी। इस मामले में विवाद लगातार बढ़ता ही जा रहा था।

गला दबा कर मार डाला :

इस मामले में आरोप है कि इसी दौरान पिता ने बेटी का गला दबा दिया और उसे तड़पा-तड़पा कर मार डाला। फिर पत्नी और बेटे को लिया और गाड़ी में शव डालकर इटावा की तरफ सभी चल दिये। वहां अंशु के मामा का घर भी था। वहां अंशु के मामा और ममेरे भाई ने इनका साथ दिया और शव को यमुना नदी में फेंक दिया। मगर शव थोड़ी दूर जाकर झाड़ियों में फंस गया। बता दें कि पुलिस ने आरोपी पिता की निशानदेही पर शव भी बरामद कर लिया है। इसके साथ ही उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस पूरे मामले को लेकर (डीसीपी आगरा वेस्ट) अतुल शर्मा ने बताया है कि, इस मामले में मुख्य आरोपी पिता, मृतका की मां और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही आरोपी के साले और साले के लड़के की तलाश भी जारी है। मामले की आगे की जांच की जा रही है।