13 साल की छात्रा से दो नाबालिगों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, माँ के खुलासे के बाद पुलिस ने की कार्यवाही।

दुर्ग/भिलाई : वर्तमान में नाबालिगों द्वारा दुष्कर्म के मामले बढ़ गये है, ऐसे ही भिलाई के नेवई थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहाँ वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी भी नाबालिग हैं, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। वहीँ पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। जिसके बाद पुलिस ने दोनों अपचारी बालकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।

इस मामले में पुलिस ने बताया है कि पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उसके मोहल्ले में रहने वाले दो नाबालिग लड़कों ने उसे बहला-फुसलाकर एक सुनसान खंडहर में ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। यह घटना 28 जनवरी की बताई जा रही है, जब नाबालिग बच्ची अपने मोहल्ले में घूम रही थी। इसी दौरान 14 और 15 साल के दो नाबालिग लड़कों ने उसे बातों में उलझाया और फिर एक सुनसान खंडहर में ले गए, जहां उन्होंने उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

मां की सूझबूझ से हुआ खुलासा :

वहीँ इस घटना के समय बच्ची की मां उसे तलाशते हुए मौके के आसपास पहुंच गई। मां के पहुंचने पर घटना का खुलासा हुआ। बच्ची के परिजनों ने तुरंत नेवई थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्यवाही करते हुए दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया। किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्यवाही करते हुए पुलिस ने दोनों अपचारी बालकों को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और नाबालिगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिये हैं। सामने आई घटना के कारण नाबालिग भी इन मामलों को लेकर समस्या खड़ी करने वाले साबित हो रहे है।