सूरजपुर : आये दिन अवैध संबंधों के मामले सामने आते रहते है, लेकिन वर्तमान में घरेलु रिश्तों को ही कलंकित करने वाले ऐसे मामले सामने आ रहे है। शादी को जन्म-जन्मांतर का पवित्र बंधन माना जाता है, लेकिन जब इस रिश्ते में विश्वास टूटता है तो उसका अंजाम कई परिवारों के उजड़ने के रूप में सामने आता है। ऐसे ही सूरजपुर जिले से सामने आई एक दिल दहला देने वाली घटना ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया है, जहां एक युवक ने अपनी मामी की बेरहमी से हत्या कर दी। जहां युवक अपनी मामी से प्यार करता था , उसकी बेवफाई और सनक ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया है।
शादी, बच्ची और सामान्य जिंदगी :
करीब 9 साल पहले पिंकी सोलंकी ने बड़े अरमानों के साथ भैसामुंडा निवासी शिवदास से शादी की थी। काम की तलाश में दंपत्ति अंबिकापुर आए। इस दौरान एक बेटी का जन्म हुआ और जिंदगी सामान्य रूप से चल रही थी। कहीं कोई समस्या नहीं थी, इसी बीच शिवदास का सगा भांजा हेमंत काम की तलाश में मामा के घर रहने आया। इसी दौरान हेमंत और पिंकी के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं। यहाँ हालात इस कदर बिगड़े कि समाज और रिश्तों की सारी मर्यादाएं टूट गईं। पिंकी ने अपने पति और मासूम बच्ची को छोड़कर हेमंत के साथ नई जिंदगी शुरू कर ली। दोनों साथ रहने लगे और इस रिश्ते से एक बच्चा भी हुआ। महिला ने माँ की ममता को किनारे करते हुये अपनी बच्ची को भी छोड़ दिया था।
इश्क बना शक की वजह :
जिस प्यार के लिए पिंकी ने अपना घर छोड़ा था, वही धीरे-धीरे उसकी मौत की वजह बन गया। आरोपी हेमंत को पिंकी का सोशल मीडिया पर सक्रिय रहना और अन्य लोगों से बातचीत करना नागवार गुजरने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया और कुछ महीनों से वे अलग-अलग रहने लगे, हालांकि फोन पर कभी-कभी बातचीत होती रहती थी, लेकिन पिंकी को अंदाजा नहीं था कि हेमंत उसके कत्ल की साजिश रच रहा है। ऐसे में अंजान पिंकी सोलंकी नियमित जीवन जीती रही।
जन्मदिन बना मौत का दिन :
वहीँ फिर 29 जनवरी 2026 को आरोपी हेमंत का जन्मदिन था। हेमंत ने पिंकी को घुमाने के बहाने मोरभंज बुलाया। दोनों ने साथ में केक काटा और शराब भी पी। इसके बाद हेमंत पिंकी को भीड़-भाड़ से दूर एक सुनसान जगह पर ले गया। यहीं आरोपी ने दुपट्टे से पिंकी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। जिसके बाद शक होने पर कि पिंकी अभी जिंदा हो सकती है, आरोपी ने चाकू से उसका गला भी रेत दिया। करीब दो महीने से रची जा रही साजिश को हेमंत ने जन्मदिन के दिन अंजाम दे दिया। हेमंत पिंकी को पहले एक होटल ले गया, जहां दोनों ने शराब पी। इसके बाद वह उसे पिलखा पहाड़ स्थित पिकनिक स्पॉट मोरभंज ले गया। वहां जंगल के भीतर ले जाकर आरोपी ने अपने पास रखे चाकू से पिंकी पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
इस घटना के बाद पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल जयनगर पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्यवाही की जायेगी। इस सनसनीखेज वारदात ने न केवल रिश्तों को शर्मसार किया है, बल्कि कई परिवारों को भी गहरे सदमे में डाल दिया है। एडिशनल एसपी सूरजपुर योगेश देवांगन ने बताया कि शव मिलने के बाद जयनगर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी हेमंत को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



