देह व्यापार के संदेह में पुलिस ने मारा छापा, मकान मालिक और एक संदिग्ध महिला गिरफ्त में।

रायगढ़ : देह व्यापार के मामले गली – गली में चल रहे है और पुलिस की छापेमरी में लगातार कई लोग पकड़ा रहे है।ऐसे ही छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में देह व्यापार के खिलाफ पुलिस लगातार कार्यवाही कर रही है। इसी कड़ी में आज एक बार फिर पुलिस ने बोईरदादर क्षेत्र में देह व्यापार के अड्डे पर दबिश दी है। इस कार्यवाही से शहर में सक्रिय अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। यह मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है। यहाँ पुलिस ने मकान मालिक सहित एक महिला को पकड़ा है।

इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार देह व्यापार की सूचना पर सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सटीक योजना बनाकर बोईरदादर स्थित एक मकान में छापेमारी की है। इस कार्यवाही के दौरान मौके से मकान मालिक नारायण वैष्णव और एक संदिग्ध महिला को पकड़ा गया है। इसके बाद पुलिस ने मकान मालिक नारायण वैष्णव के खिलाफ पीटा एक्ट की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। वहीं आरोपी के कब्जे से नगद राशि, मोबाईल फोन और आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।

इस पूरी कार्यवाही में चक्रधरनगर थाना, साईबर थाना और महिला थाना की संयुक्त टीम शामिल रही, जिन्होंने समन्वय के साथ प्रभावी कार्यवाही को अंजाम दिया है। वहीँ पुलिस द्वारा इस मामले में आगे की जांच की जा रही है और देह व्यापार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। बता दें कि एक हप्ते के भीतर पुलिस ने पीटा एक्ट के तहत यह तीसरी कार्यवाही की है। ऐसे मामलों में पुलिस लगातार कार्यवाही कर रही है।

इस मामले पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि रायगढ़ पुलिस देह व्यापार सहित सभी प्रकार की सामाजिक बुराइयों का पूर्णतः खात्मा करने के लिए प्रतिबद्ध है और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर आगे भी कठोर कार्यवाही जारी रहेगी। सट्टा, जुआ, नशे के सामान और देह व्यापार पर कड़ी कार्यवाही लगातार की जायेगी।