कवर्धा : गांजे की अंधाधुंध खपत ने गांजे की तस्करी को बहुत बढ़ा दिया है, वहीँ मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। यहाँ तस्कर कंटेनर में गुप्त चैंबर बनाकर अवैध रूप से गांजा परिवहन कर रहा था। इसकी सूचना पर थाना चिल्फी पुलिस ने कार्यवाही करते हुए करीब 5 करोड़ रुपये का गांजा जब्त किया गया है, अब तक की कार्यवाही में यह सबसे बड़ी मात्रा है ।
इस मामले में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नागालैंड पासिंग एक कंटेनर के माध्यम से भारी मात्रा में गांजा ओड़िशा से राजस्थान की ओर ले जाया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर छत्तीसगढ़ मध्यप्रदेश के सीमावर्ती थाना चिल्फी क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध कंटेनर को रोका गया था। तलाशी के दौरान वाहन में बनाए गए विशेष गुप्त चैंबर से 30-30 किलो की 30 बोरियों में भरा हुआ गांजा बरामद किया गया है। कुल जब्त मादक पदार्थ का वजन करीब 9 क्विंटल (900 किलोग्राम) बताया जा रहा है। इतनी मात्रा में गांजा इकट्ठा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई है।
पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। वहीं तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है, जिसे भी जब्त कर लिया गया है। मौके से पुलिस ने आरोपी अय्याज खान (निवासी भरतपुर, राजस्थान) को गिरफ्तार किया है। आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ में गांजे की बिक्री अन्य राज्यों की अपेक्षा लगातार बढ़ती ही जा रही है, हालाँकि यह माल राजस्थान को भेजा जा रहा था।
वहीँ इस बारे में प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी यह खेप ओड़िशा से राजस्थान ले जा रहा था। पुलिस आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। इस बड़ी कार्यवाही को जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। एसपी धर्मेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जायेगा। अभियान आगे भी जारी रहेगा। गांजे को मुख्यतौर पर ओड़िशा , छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान में खपाया जाता है, इसकी तस्करी ओड़िशा से ही होती है।



