रायपुर : हवाला का पैसा स्थानांतरित करना एक जोखिम भरा कार्य है, लेकिन अगर उसमें कोई नुकसान हो जाये तो दोहरी मुसीबत खड़ी हो जाति है, ऐसे ही एक मामला सामने आया है, जहाँ राजधानी रायपुर में हवाला नेटवर्क के जाल में फंसाकर 35 लाख रुपये की बड़ी ठगी की गई है। इस ठगी का शिकार मुंबई के एक हवाला कारोबारी का कर्मचारी हुआ है। ठगों ने नोट के सीरियल नंबर से भरोसा जीतकर उसे दूसरी जगह बुलाया और VIP रोड पर 35 लाख रुपये लेकर फरार हो गये। यह घटना VIP रोड की बताई गई है। इस मामले में तेलीबांधा थाना में अपराध दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच में जुट गई है।
इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार, तेलीबांधा थाना में मुंबई के हवाला कारोबारी के कर्मचारी ने अज्ञात ठग के खिलाफ हवाला कारोबार की रकम ट्रांसफर करने के नाम पर 35 लाख रुपये की ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीँ हवाला की रकम लेने पहुंचे तीसरी पार्टी ने नोट का गलत नंबर देकर कारोबारी के कर्मचारी को ठगी का शिकार बनाया है। जिन मोबाईल नंबरों से संपर्क किया गया था, उन्हें ट्रेस कर पुलिस आरोपी की पहचान करने में जुट गई है।
बताया गया है कि मुंबई के बांद्रा ईस्ट निवासी करण शर्मा ने अज्ञात जालसाज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, हवाला कारोबारी ने अपने कर्मचारी को एक पार्टी से 35 लाख रुपये लेने भेजा था। इसके बाद उसे दूसरी पार्टी को रकम देने के लिए कहा गया और फिर दूसरी पार्टी ने तीसरी पार्टी को पैसे देने के निर्देश दिये थे। जिसको लेकर तीसरी पार्टी को रकम देने के लिए 20 रुपये के नोट का सीरियल नंबर साझा किया गया था, लेकिन वह नंबर लीक हो गया। इसका फायदा उठाकर आरोपी ने सीरियल नंबर में फेरबदल कर गलत नंबर बताया और 35 लाख रुपये लेकर फरार हो गया।
नोट मिलान के बाद हुआ खुलासा :
वहीँ फिर लेनदेन के दौरान रकम देने के बाद कर्मचारी ने 20 रुपये के आधे नोट की फोटो अपने मालिक को भेजी। जब व्हाट्सएप पर दोनों नोटों का मिलान किया गया, तब ठगी का खुलासा हुआ। पुलिस को आशंका है कि हवाला नेटवर्क से जुड़े हुये लोगों ने ही इस ठगी को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। अभी रकम किसके पास है, पता नहीं चल पाया है, इन्कम टैक्स और सेल्सटैक्स से बचने के लिये हवाला के जरिये पैसे का लेनदेन होता है, ऐसे में पीड़ित के लिये यह दोहरी मुसीबत खड़ी हो गई है।



