दुर्ग/भिलाई : ठगबाजी के नये-नये मामले सामने आते रहते है, ऐसे ही पूजा-पाठ से पारिवारिक समस्यायें दूर करने और शेयर ट्रेडिंग में बड़ा लाभ दिलाने का झांसा देकर महिला से लगभग 85 लाख रुपये की ठगी कर ली गई है, इस मामले में कार्यवाही करते हुये पुलिस ने आरोपी पवन बधोरिया को मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की कार्यवाही भिलाई नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत की गई है। ठगी की घटनाओं में पीड़ित की पूरी जीवनभर की पूंजी चली जाती है, ऐसा ही कुछ इस घटना में भी हुआ है।
रायपुर में पारिवारिक कार्यक्रम में हुई थी मुलाकात :
इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान पीड़ित महिला की मुलाकात पवन बधोरिया से हुई थी, जहाँ दोनों के बीच बातचीत के दौरान महिला ने अपनी पारिवारिक समस्याओं का जिक्र किया था, जिस पर आरोपी ने पूजा-पाठ के जरिए सभी परेशानियां दूर करने का दावा किया और इसके बाद उसने पूजा-पाठ, निजी जरूरतों और शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर अलग-अलग किश्तों में महिला से करीब 85 लाख रुपये ले लिये थे।
पैसे मांगने पर जान से मारने की दी धमकी :
बताया गया है कि करीब दो साल बीत जाने के बावजूद महिला को किसी तरह का लाभ नहीं मिला, जिसके बाद पीड़िता ने अपने पैसे लौटाने की मांग की तो आरोपी ने पहले नौकरी लगवाने का झांसा दिया और बाद में जान से मारने की धमकी देकर रकम लौटाने से साफ इन्कार कर दिया। जिससे पीड़ित महिला के लिये मुसीबत खड़ी हो गई।
जिसके बाद पीड़िता ने थाना पहुंचकर शिकायत दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान धमकी देकर अवैध वसूली के तथ्य सामने आने पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 351(3) और 308(3) के तहत अपराध दर्ज किया गया है और इसके बाद पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के इंदौर में दबिश देकर आरोपी पवन बधोरिया को गिरफ्तार कर लिया है, इसके साथ ही उसके कब्जे से बैंक खाते से लिंक मोबाईल फोन और आधार कार्ड जब्त किए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



