बढ़ते कर्ज से परेशान होकर पूरे परिवार सहित की आत्महत्या, राजधानी आकर करने लगा था बैटरी मिस्त्री का काम, पूरे नहीं हो पाते थे खर्चे।

रायपुर : वर्तमान में अधिकांश लोग आर्थिक समस्या से जूझ रहे है और लगातार बढ़ते कर्ज से परेशान है, ऐसे ही एक मामला सामने आया है, जहाँ टिकरापारा क्षेत्र के संजय नगर में जिस किराये के मकान में करीब आठ महीने पहले सैयद साजिद खान अपने परिवार के साथ रहने आया हुआ था, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। जिस घर में बच्चों की आवाजें गूंजती थीं, उसी घर से एक साथ पांच लोगों के शव निकलने की खबर ने पूरे मोहल्ले के लोगों को स्तब्ध कर दिया है। पड़ोसियों के लिए यह यकीन करना मुश्किल है कि कुछ महीने पहले तक हंसता-खेलता दिखने वाला परिवार इस तरह खत्म हो जायेगा। इस घटना ने मोहल्ले वासियों को झकझोर दिया है। घटना के अनुसर टिकरापारा क्षेत्र के मदनी चौक, संजय नगर में साजिद अली (50 वर्ष), उनकी पत्नी राबिया और तीन बच्चों—इरशाद अली, शाहिदा बेगम एवं इरशाबा परवीन के मृत पाए जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। 

इस मामले में पड़ोसियों और शुरुआती पुलिस की जांच के मुताबिक, साजिद मौदहापारा की एक बैटरी दुकान में मैकेनिक का काम करता था। उसकी आमदनी से किसी तरह घर का खर्च चलता था, लेकिन समय के साथ आर्थिक दबाव बढ़ता गया और वह कर्जे में डूबता गया। बताया जा रहा है कि उसने कुछ लोगों से ऊंचे ब्याज पर कर्ज लिया हुआ था। इससे बढ़ती हुई देनदारी और सीमित आमदनी के कारण वह पिछले कुछ समय से तनाव में था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना की असली वजह का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा, जिसके लिये पुलिस इंतजार कर रही है।

नये शहर में नई शुरुआत का सपना अधूरा रह गया :

बताया गया है कि लगभग आठ महीने पहले साजिद अपने परिवार के साथ इस किराये के मकान में रहने आया हुआ था। परिवार ने नई जगह पर नई शुरुआत की उम्मीद की थी, लेकिन हालात ऐसे बने कि यह घर अब एक दर्दनाक घटना का गवाह बन गया। इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में मातम पसरा है और लोग इस हादसे को लेकर स्तब्ध हैं। वहीँ जानकारी के अनुसार शुक्रवार को पूरे दिन कमरे का दरवाजा नहीं खुला। देर रात तक कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। जब उन्होंने खिड़की से अंदर देखा तो साजिद फंदे पर लटका दिखाई दिया। सूचना मिलने पर टिकरापारा पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा तोड़ने पर भीतर पत्नी और तीनों बच्चे मृत मिले। चर्चा है कि एक ही परिवार के पांच लोगों ने सामूहिक रूप से जहर खाकर मौत को गले लगा लिया। फिलहाल, पुलिस सभी बिंदुओं पर गहराई से छानबीन कर रही है।

पुलिस हर पहलू की कर रही जांच :

घटना की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि परिवार की मौत खाने में किसी जहरीले पदार्थ के कारण हुई हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने मोबाईल फोन जब्त कर साईबर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों पर आधिकारिक रूप से कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल पुलिस आर्थिक तंगी, कर्ज और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। घटना की जांच करने के लिये फोरेंसिक एक्सपर्ट्स (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। एफएसएल की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लग गई। 

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। सूचना पर भारी संख्या में घर के सामने पुलिस बल तैनात है। पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है। मामला टिकरापारा थाने क्षेत्र का है। फिलहाल, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।