दुर्ग/भिलाई : छत्तीसगढ़ के दुर्ग में पूर्व भारतीय क्रिकेटर राजेश चौहान कथित धोखाधड़ी के मामले में कानूनी मुश्किलों में घिर गए हैं। उन पर आरोप है कि जिंदल इस्पात लिमिटेड में ट्रांसपोर्ट ठेका दिलाने का झांसा देकर 17.52 लाख रुपये की ठगी की गई है। इस मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट ऐश्वर्या दीवान की अदालत ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 175(3) के तहत प्रस्तुत आवेदन स्वीकार करते हुए पुलिस को जांच पूरी कर अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये हैं।
उन पर आरोप है कि उन्होंने जिंदल इस्पात लिमिटेड में ट्रांसपोर्ट ठेका दिलाने और भारी मुनाफे का भरोसा देकर एक व्यक्ति से 17.52 लाख रुपये का निवेश कराया। फिलहाल, मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
ट्रांसपोर्ट कारोबार में साझेदारी का दिया प्रस्ताव :
मामले में शिकायतकर्ता पीड़ित दिनकर विश्वमित्र ने बताया है कि राजेश चौहान ने उन्हें ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में साझेदार बनने का प्रस्ताव दिया था। इसके तहत जिंदल इस्पात लिमिटेड में ट्रक लगाने और बेहतर मुनाफे का आश्वासन दिया गया था। जिसको लेकर विश्वास दिलाने के लिए कथित तौर पर वर्क ऑर्डर और अन्य दस्तावेज भी दिखाये गये थे। आवेदक ने इन दावों पर भरोसा करते हुए कारोबार में निवेश करने की सहमति दे दी और चरणबद्ध तरीके से रकम का भुगतान किया।
2021 में हुआ था इकरारनामा :
इस मामले से जुड़े अधिवक्ता सौरभ चौबे के मुताबिक, शिकायतकर्ता दिनकर और राजेश चौहान के बीच 30 जुलाई 2021 को एक इकरारनामा हुआ था। इसके बाद दिनकर ने पहली किस्त के रूप में 2.51 लाख रुपये दिए। बाद में गोविंद ट्रांसपोर्ट कंपनी के खाते में दो अलग-अलग किश्तों में कुल 15.01 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। इस तरह कुल 17.52 लाख रुपये का भुगतान किया गया। मामले के शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि व्यवसायिक साझेदारी के नाम पर उनसे धोखाधड़ी की गई और धन का दुरुपयोग किया गया है। इस मामले की सुनवाई करते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट ऐश्वर्या दीवान की अदालत ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 175(3) के तहत पुलिस को मामले की जांच करने और अंतिम रिपोर्ट न्यायालय में पेश करने के निर्देश दिये हैं।
भारतीय टीम के लिए खेल चुके हैं राजेश चौहान :
राजेश चौहान भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने 1990 के दशक में भारत के लिए 21 टेस्ट और 35 वनडे मैच खेले हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 47 विकेट दर्ज हैं। राजेश चौहान का जन्म 19 दिसंबर 1966 को हुआ था, वह एक पूर्व भारतीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर हैं, जो 1990 के दशक में भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख ऑफ-स्पिनर थे। इसके साथ ही वे अनिल कुंबले और वेंकटपति राजू के साथ भारतीय स्पिन तिकड़ी का हिस्सा थे और छत्तीसगढ़ राज्य से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। फिलहाल, इस मामले में पुलिस जांच शुरू होने के बाद आगे की कार्यवाही जांच रिपोर्ट के आधार पर तय की जायेगी।



