छत्तीसगढ़ में रेल्वे नेटवर्क का बड़ा विस्तार : मुख्यमंत्री साय और रेलमंत्री वैष्णव ने नई यात्री ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी।

रायपुर : छत्तीसगढ़ के रेल नेटवर्क के विस्तार की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए नई यात्री रेल सेवाओं का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम में शामिल होकर नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े, जबकि सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी मौजूद रहे।

रावघाट से रायपुर और रायपुर से कुरूद तक ट्रेन सेवा :

रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने की लंबे समय से मांग थी। अब इस दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि रावघाट से शुरू होने वाली यात्री ट्रेन रायपुर तक पहुंचेगी। वहीं रायपुर से कुरूद लाईन तक भी नई यात्री सेवा शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ महीनों में रायपुर से धमतरी तक भी ट्रेन सेवा शुरू करने की दिशा में काम आगे बढ़ेगा। रेलमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेल्वे नेटवर्क का विस्तार उन क्षेत्रों तक किया जा रहा है, जो लंबे समय से रेल कनेक्टिविटी से दूर रहे हैं।

पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ा रावघाट :

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रावघाट का रेल्वे नेटवर्क से जुड़ना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने रावघाट क्षेत्र के लोगों को नई रेल सुविधा के लिये बधाई दी। उनके मुताबिक रेल्वे के विस्तार से स्थानीय लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

CM साय बोले- छत्तीसगढ़ के लिये शुभ दिन :

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई रेल सेवाओं के शुभारंभ को छत्तीसगढ़ के लिये महत्वपूर्ण दिन बताया। उन्होंने कहा कि रावघाट से रायपुर के लिये नई ट्रेन सेवा शुरू हो रही है। इसके साथ ही कुरूद के लिये भी ट्रेन का संचालन प्रारंभ किया जा रहा है। आने वाले समय में धमतरी तक रेल सेवा पहुंचने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में रेल्वे के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है।

रेल्वे बजट में भारी बढ़ोतरी का CM ने किया जिक्र :

CM साय ने कहा कि पूर्ववर्ती UPA सरकार के दौरान छत्तीसगढ़ के रेल्वे क्षेत्र के लिये करीब 300 करोड़ रुपये का बजट मिलता था, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में यह राशि बढ़कर करीब 7,500 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में कई रेल परियोजनाओं को गति मिली है।

सीएम साय ने रेलमंत्री का जताया आभार :

मुख्यमंत्री ने बताया कि राजनांदगांव, अंबिकापुर, बरवाडीह और रावघाट से जगदलपुर तक रेल कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं को स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि आठ स्टेशन भी तैयार हो चुके हैं। इसके लिये मुख्यमंत्री ने रेलमंत्री के प्रति आभार जताया।