निकाह के 2 घंटे बाद तीन तलाक , दहेज़ ना मिलने पर तोड़ी शादी, 6 लोगों पर दर्ज हुई FIR, यहाँ का है ये मामला….।

आगरा (उत्तर प्रदेश) : तीन तलाक के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं, दहेज लोभी युवतियों को तीन तलाक देकर उनकी जिंदगी खराब कर रहे हैं, ताजा मामला एक बार फिर सामने आया है, जहां  निकाह के दो घंटे बाद ही दूल्हे ने होटल में ही दुल्हन को तीन तलाक दे दिया। इससे परिवार में हड़कंप मच गया, तलाक देने की वजह शादी में कार न देना बताई जा रही है। निकाह के 2 घंटे बाद ही दूल्हे ने तलाक दे दिया। दहेज में कार न मिलने पर उसने दुल्हन को साथ ले जाने से इनकार कर दिया। इस दौरान लड़के के परिवार वाले भी उसका साथ देते रहे। वहीं, लड़की के घर वाले मिन्नते मांगते रहे, लेकिन लड़के वाले नहीं माने। करीब 2 घंटे तक ये ड्रामा चलता रहा। इसके बाद दूल्हा तीन तलाक बोलकर चला गया। लड़की पक्ष ने ताजगंज थाने में 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। यह पहला मामला नहीं है, जहाँ दहेज़ लोभियों ने लड़की पक्ष को मुश्किल में ना डाला हो।

4 बजे निकाह के बाद शुरू हुआ हंगामा :

ढोलीखार, मंटोला निवासी दुल्हन के भाई कामरान वारसी ने बताया, ‘बुधवार रात को ताजनगरी के प्रियांशु गार्डन में 2 बहनों की शादी थी। बहन गौरी का निकाह हो गया था। इसके बाद दूसरी बहन डॉली का निकाह आसिफ के साथ तड़के 4 बजे के करीब हुआ। शादी में बहनों को गृहस्थी का सामान, जेवरात और नगद दिया गया। साथ ही, दावत पर करीब 30 लाख रुपए खर्च किए गए। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे जब विदाई का समय आया तो आसिफ और उसके परिवार के लोग अड़ गए। उन्होंने कहा कि हमें नई कार और ज्यादा जेवर चाहिए। दूल्हे ने कहा, “जब तक ये डिमांड पूरी नहीं होंगी, तब तक दुल्हन को नहीं ले जाऊंगा।” इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच समझाइश चलती रही और मामला तलाक तक जा पहुंचा।

कार की डिमांड पूरी की, फिर भी नहीं माने :

दुल्हन के भाई कामरान ने बताया, “हमने दूल्हे और उनके परिवार के सामने हाथ जोड़े, काफी मान मनौवल की। लेकिन ससुराल वाले नहीं माने। हमने अपने रिश्तेदारों से मदद मांगी। कुछ देर में कुछ रुपए इकट्‌ठा हो गए। तो कार की डिमांड पूरी कर दी गई। मगर वो ज्यादा जेवर भी मांग रहे थे, जोकि हमारे लिए बहुत मुश्किल हो गया। बाद में हमने साफ मना कर दिया कि कार दे रहे हैं। इतना काफी है, इस पर ससुराल के लोगों ने गाली-गलौज व अभद्रता शुरू कर दी। कुछ देर में वो लोग मारपीट करने लगे। हमसे मिली नगदी और जेवरात लेकर चले गए। चंद रिश्तेदारों के साथ दूल्हा आसिफ रुका हुआ था। डिमांड पूरी नहीं होने पर वह भी सुबह 6 बजे जाने लगा। हमने पूछा तो उसने सबके सामने डॉली को तीन तलाक दे दिया। जिसको लेकर परिवार वाले सकते में आ गये।

दुल्हे आसिफ सहित 6 लोगों पर दर्ज हुई FIR :

कामरान ने परेशान होकर पुलिस को फोन किया। पुलिस के आने पर दूल्हा आसिफ समेत लड़के पक्ष के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने जांच के बाद नाला चून पचान, नाई की मंडी में रहने वाले आसिफ, मुन्नी, परवेश, सलमान, रुखसार, नजराना और फहरीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र शंकर पांडेय का कहना है कि जांच चल रही है। जल्दी ही कार्यवाही का दायरा बढ़ाया जाएगा। आवश्यक क़ानूनी कार्यवाही की जायेगी। अभी परिजन इस बात को लेकर दुविधा में है। दहेज़ में दिया गया सामान भी लड़के पक्ष वाले ले जा चूके है।