भिलाई : सटोरिये लगातार अपने ठिकाने बदल – बदलकर अपने काम को अंजाम दे रहे है, लेकिन पुलिस के हाथ भी लगातार उन तक पहुँच रहे है, खबर है महाराष्ट्र के नागपुर में ऑनलाईन सट्टा खिला रहे नौ आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में भिलाई दुर्ग के साथ ही रायपुर और भोपाल का भी एक आरोपी भी शामिल है। वे सभी नागपुर में लंबे समय से ऑनलाईन सट्टा खिला रहे थे। आरोपियों के खिलाफ पुरानी भिलाई पुलिस ने छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं के तहत कार्यवाही की है। इन्हें जल्द ही जेल भेज दिया जायेगा।
पत्रकार वार्ता में मामले की जानकारी देते हुए एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि नागपुर के मनकापुर चौक के एक किराये के मकान में रेड्डी अन्ना एप का 565 नंबर ब्रांच का संचालन हो रहा था। पुरानी भिलाई पुलिस द्वारा पूर्व में गिरफ्तार किये गये आरोपी कोहका निवासी सद्दाम पर की गई कार्यवाही के बाद उससे जुड़े लिंक पर नजर रखी जा रही थी। उसी से इस पैनल के बारे में जानकारी मिली। जिसके बाद पुलिस की टीम ने मौके पर जाकर छापामार कार्यवाही की। पुलिस सटोरियों पर लगातार निगरानी बनाये हुये है।
पुलिस ने मौके से नौ आरोपियों साहिल कुरैशी (28) निवासी तकियापारा दुर्ग, आसिम खान (25) निवासी पीएचई आफिस के बगल में भाठागांव रायपुर, आहिल खान (32) एस बाग स्टेडियम गली नंबर चार भोपाल मध्यप्रदेश, सद्दाम खान (20) निवासी नमनाकला पावर हाउस के पास अंबिकापुर, खिलेंद्र देवांगन (19) निवासी विजय नगर बैंक कालोनी दुर्ग, पंकज वर्मा (31) निवासी आनंदम वर्ल्ड सिटी रायपुर, विभांशु गजभिये (19) निवासी आमापारा गुप्ता नर्सिंग होम के पीछे दुर्ग, साहिल चौरे (19) निवासी शकुंतला स्कूल के पीछे वार्ड 12 दुर्ग और आकाश खोब्रागढ़े (19) निवासी आमापारा राजू किराना स्टोर के पास मोहन नगर दुर्ग को गिरफ्तार किया गया। ये सब आरोपी इस समय भिलाई पुलिस की गिरफ्त में है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस पैनल का मुखिया पंकज वर्मा है। उसे भी गिरफ्तार किया गया है। वो सद्दाम और कैंप-1 निवासी दीपक नेपाली के साथ मिलकर पैनल का संचालन कर रहा था। आरोपियों के पास से दो नग लैपटाप, 17 नग मोबाइल, विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं। जिसके आधार पर आगे की जांच की जा रही है। पूरा काम ऑनलाईन चल रहा था, अभी इनसे जुड़े लोगों के बारे में भी पुलिस पतासाजी कर रही है।



