रायपुर : राजधानी में जनवरी माह में लगातार लूट की घटनाओं से लोगों में दहशत हो गई थी, लूटेरे मोबाईल छिनकर भाग जाते थे, और भिड़ने पर चाकूबाजी भी कर देते थे, आज राजधानी में दो घंटे में लूट की तीन वारदातें हो गई, राजधानी में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अपराधी यहां दिनदहाड़े घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। वहीं राजधानी में दो घंटे में उठाईगिरी की तीन घटनायें सामने आई है। उठाईगिरी की तीन घटनाओं ने पुलिस के होश उड़ा दिए हैं। घटना के बाद रायपुर पुलिस ने शहर के सभी थानों को अलर्ट कर दिया है और जगह-जगह नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाशी की जा रही है।
पहला मामला सरस्वती नगर थाने का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार दो बाईक सवार एनआइटी के पास बैंक के सामने 40 हजार रुपयों से भरा एक बैग लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने सरस्वती नगर थाने में उठाईगिरी की शिकायत की है। जगह – जगह इस प्रकार की घटनाओं से राजधानी वासी सहम गये है। तीनों उठाईगिरी में इन्हीं का हाथ होने का संदेह है।
सरस्वती नगर थाना के बाद बदमाशों ने देवेंद्र नगर थाना में भी उठाईगिरी की वारदात को अंजाम दिया है। वहीं दूसरी घटना में बदमाश कितनी राशि ले भागे इसका भी पता नहीं चल पाया है। जबकि तीसरी घटना कहां हुई इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार उठाईगिरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर बाईक चालक लगातार अपनी शर्ट बदल रहे हैं। इन बदमाशों की तीन अलग-अलग जगह से फोटो आई है। फिलहाल पुलिस ने इन बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है, जिससे बदमाशों का कोई सुराग मिल सके। पुलिस का दावा है , इन्हें जल्द ही पकड़ लिया जायेगा।



