रायपुर : थोड़ी सी लापरवाही आपकी जान ले सकती है, चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करने के चक्कर में एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ गई। घटना रविवार शाम को रायपुर रेलवे स्टेशन में घटी। मृतक ओड़िशा का रहने वाला था। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आंबेडकर अस्पताल भिजवा दिया। जानकारी के अनुसार रविवार शाम छह बजे विशाखापटनम से एलटीटी लोकमान्य तिलक जाने वाली सुपरफास्ट ट्रेन रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर आ रही थी, तभी एक युवक ने अचानक प्लेटफार्म पर दौड़ लगाई। वह चलती ट्रेन पर सवार होने की कोशिश कर रहा था तभी पैर फिसलने से वह पटरी पर जा गिरा और ट्रेन उसके ऊपर गुजरते निकल गई।
हादसे में पूरा शरीर कट जाने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ की टीम पहुंची। तलाशी लेने पर मृतक की जेब से पहचान पत्र मिला। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी मनोरंजन मुखर्जी ने बताया कि मृतक की पहचान ओड़िशा के नुआपाड़ा, खरियार रोड अंतगर्त ग्राम अमलापाले निवासी विकास पुंजे पिता बलदेव (27) के रूप में की गई है।
दोस्त को छोड़ने आया था मृतक :
आरपीएफ के अनुसार विशाखापटनम से एलटीटी लोकमान्य तिलक जाने वाली सुपरफास्ट ट्रेन रायपुर स्टेशन में आ ही रही थी कि ट्रेन रूकने का इंतजार किए बिना मृतक दौड़कर उस पर चढ़ने की कोशिश में हादसे का शिकार हो गया। वह अपने दो दोस्तों को छोड़ने स्टेशन आया था, उसे कहीं जाना नहीं था। अचानक ट्रेन को आते देखकर वह दोस्तों को छोड़कर चलती ट्रेन में सवार होने की कोशिश में अपनी जान गंवा बैठा। इस हादसे से उसके दोस्त भी हैरान है। विकास ने ऐसा क्यों किया वे भी समझ नहीं पा रहे है। चलती ट्रेन में यात्रियों को चढ़ने से रेलवे प्रशासन मना करता है और न चढ़ने की अपील भी करता है, लेकिन जल्दबाजी के चक्कर में कई यात्री लापरवाही बरतने से बाज नहीं आते है। दोस्तों ने बताया यह उनकी समझ से भी परे है।



