बिलासपुर : श्मशान में छुपे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, छेड़खानी के मामले में फरार आरोपी पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था। पुलिस जवानों ने उसे पकड़ने के लिये क्षेत्र में मुखबिर तैनात किया था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक को श्मशान में घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया है। युवक पर छेड़खानी का आरोप है। वह पुलिस को लगातार चकमा देकर भाग जाता था।
कोतवाली थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि क्षेत्र में रहने वाली युवती ने छेड़खानी की शिकायत की है। पीड़ित ने बताया कि मधुबन रोड में रहने वाला शिवा वर्मा ने घर में घुसकर उसके साथ छेड़खानी की। इसका विरोध करने पर युवक मारपीट कर फरार हो गया। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी मोहल्ले में घूम रहा है। थाना प्रभारी ने तुरंत टीम बनाकर आरोपी को पकड़ने भेजा।
पुलिस को देखते ही आरोपी युवक नदी के रास्ते भाग निकला। आरोपी ने कई बार पुलिस को चकमा दिया। इस पर जवानों ने क्षेत्र में मुखबिर तैयार कर आरोपी पर नजर रखने कहा। शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी युवक मधुबन श्मशान में छुपा है। इस पर जवानों ने घेराबंदी कर आरोपी युवक को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी युवक को न्यायालय के आदेश पर जेल दाखिल कराया है।