भिलाई : ऑनलाइन सट्टे की शाखायें देश के कई शहरों में फैली हुई है, छत्तीसगढ़ पुलिस इन पर लगातार कार्यवाही कर रही है, सट्टेबाजों का पैनल गाँव से विदेशों तक में फैला हुआ है, खबरहै कि पश्चिम बंगाल के कोलकाता में संचालित आनलाइन सट्टा के एक ब्रांच पर पुलिस ने दबिश दी है। आरोपी कोलकाता के रघुनाथपुर त्रिबेणी के होटल में ऑनलाइन सट्टा का संचालन कर रहे थे। पूर्व में गिरफ्तार किए गए आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस की टीम ने कोलकाता में जाकर दबिश दी और एक अपचारी समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से एक लैपटाप, 15 मोबाइल, विभिन्न बैंकों के एटीएम, चेकबुक और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ पुरानी भिलाई छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा के तहत कार्यवाही की है। नाबालिग सहित कुल छः आरोपी पकड़ में आये है।
पत्रकारवार्ता में उपरोक्त मामले की जानकारी देते हुए एएसपी संजय ध्रुव ने बताया कि कोलकाता के रघुनाथपुर त्रिबेणी में ऑनलाइन सट्टा का संचालन किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि पूर्व में पुरानी भिलाई थाना में कोहका निवासी सद्दाम को गिरफ्तार किया गया था। सद्दाम ऑनलाइन सट्टा का पैनल बांटने का काम कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी के बाद उससे मिली जानकारी के आधार पर कार्यवाही की जा रही है। पुलिस ने पहले नागपुर में संचालित ऑनलाइन सट्टा का एक पैनल पकड़ा था और अभी कोलकाता में रेड्डी अन्ना एप के ब्रांच नंबर 420 को ध्वस्त किया है। पुलिस की सट्टेबाजों पर ताबड़तोड़ कार्यवाही जारी है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार :
पुलिस ने एक अपचारी समेत छह आरोपियों शशि कुमार चौधरी (22) निवासी प्रकाश आटा चक्की शीतला मंदिर कैंप-2 के पास भिलाई, दुर्गेश सिंह लोधी उर्फ करण (22) निवासी एलआइजी-2 जवाहर नगर भिलाई, रोहित मौर्या (19) निवासी संतोषी पारा मल्लू किराना स्टोर्स कैंप-2 भिलाई, धीरज तिवारी (21) निवासी ग्राम गंगापुर पोस्ट सुरेमनपुर थाना बैरिया जिला बलिया उत्तर प्रदेश और आनंद कुमार महलदार (22) निवासी ग्राम दुर्गापुर जिला कटिहार बिहार को गिरफ्तार किया गया है।
जैक्सन का पैनल धारक, दीपक नेपाली ने दिलाई थी ब्रांच :
पत्रकारवार्ता के दौरान आरोपियों के हवाले से अधिकारियों ने बताया कि इस पैनल का मालिक जैक्सन नाम का व्यक्ति है। वो अभी दुबई में है। वहीं कैंप-1 निवासी दीपक नेपाली ने उसे पैनल दिलवाया था। इस पैनल का मैनेजर रोहित मौर्या था। उसने पुलिस को जानकारी दी कि दीपक नेपाली और जैक्सन ने उसे नौ प्रतिशत कमीशन पर पैनल दिया था। पैनल से उसे हर महीने आठ से 10 लाख रुपये का कमीशन मिल रहा था। आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आगे और जांच कर रही है। कई अन्य आरोपी भी पकड़ में आने की सम्भावना है।