मौसम : देशभर में भरी बारिश का कहर जारी है, देश की राजधानी डूबी हुई है, मानसून की वजह से देश के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने एक बार फिर से महाराष्ट्र के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और ओडिशा समेत कई राज्यों मे भारी बारिश के आसार हैं। चक्रवाती हवाओं की वजह से बंगाल की खाड़ी और ओडिशा तट के आसपास कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो सकता है। इससे अगले 48 घंटों में ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश हो सकती है। यहाँ मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
महाराष्ट्र में रेड अलर्ट :
महाराष्ट्र में बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आईएमडी ने गुरुवार और शुक्रवार के लिए ठाणे, रायगढ़, पुणे और पालघर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, मुंबई और रत्नागिरी के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है। बारिश की वजह से गुरुवार की शाम नवी मुंबई इलाके में भारी जलजमाव देखा गया। साथ ही सेंट्रल और हार्बर लाइनों पर लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुईं। मुंबई में पिछले 24 घंटों में शहर में करीब 100 मिमी बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के कारण रेल यातायात भी बुरी तरह से प्रभावित है।
ओडिशा में येलो अलर्ट :
मौसम विभाग ने ओडिशा के 11 जिलों में भारी बारिश के अनुमान के साथ येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने यह भी बताया कि 20 से 22 जुलाई तक ओडिशा तट पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के भी चलने की संभावना है। प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान 50 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गयी। यहाँ भी अगले 48 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी है।
तेलंगाना में स्कूल बंद :
तेलंगाना में लगातार तीन दिन से हो रही भारी बारिश के चलते राज्य सरकार ने गुरुवार और शुक्रवार को स्कूल बंद करने की घोषणा की है। IMD के अनुसार, तेलंगाना के आदिलाबाद, कोमाराम भीम आसिफाबाद, जगित्याल, राजन्ना सिरसिल्ला, करीमनगर, पेद्दापल्ली और जयशंकर भूपालपल्ली जिले के अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं। काफी ज्यादा बारिश के कारण स्कूल कब तक बंद रखे जायेंगे कहा नहीं जा सकता।
इन राज्यों में बारिश :
अगले 24 घंटों के दौरान, कोंकण और गोवा में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। दक्षिणी गुजरात, दक्षिणी राजस्थान, तटीय कर्नाटक, विदर्भ, तेलंगाना, दक्षिणी मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। उत्तरी पंजाब, उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, केरल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं हरियाणा, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल में भी हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने आमजन को सावधान रहने के लिये कहा है, खासकर पहाड़ी और समुद्री क्षेत्रों में।