मुस्लिमों को भाजपा से जोड़ने की कवायद , लगभग ढाई हजार से ज्यादा को बनाया जा चुका है मोदी मित्र।

रायपुर : खबर है कि भाजपा ने देश की तरह छत्तीसगढ़ में भी मुस्लिमों को जोड़ने के लिए मोदी-मित्र बनाने का अभियान शुरू कर दिया है। ऐसा माना जाता है कि मुस्लिम समाज के वोट भाजपा को सबसे कम मिलते हैं। इसलिए मुस्लिमों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए भाजपा पूरे देश में मोदी मित्र अभियान चला रही है। छत्तीसगढ़ की जिन पांच लोकसभा सीटों में यह मुहिम शुरू की गई है, उनमें रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, सरगुजा और बस्तर संसदीय क्षेत्र शामिल हैं। इनमें मुस्लिम मतदाताओं की अच्छी खासी संख्या है। पार्टी का दावा है कि पिछले एक माह में यहां ढाई हजार से ज्यादा मुस्लिमों को मोदी मित्र बनाया जा चुका है। भाजपा का कहना है सभी वर्ग अथवा समाज भारत देश के नागरिक है, ये सभी राष्ट्र में बराबर का स्थान रखते है।

इसके अलावा पिछड़े वर्ग के वह मुस्लिम जिन्हें भाजपा ने पसमंदा मुस्लिम नाम दिया है, उन्हें जोड़ने के लिए 27 जुलाई से स्नेह यात्रा भी निकालने जा रही है। यह यात्रा दिल्ली से शुरू होकर पूरे देश में भ्रमण करेगी। इस दौरान उड़ीसा से होते हुए छत्तीसगढ़ भी आयेगी। इस यात्रा के उड़ीसा, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र का प्रभारी छत्तीसगढ में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश प्रभारी डाॅ. सलीम राज को बनाया गया है। डाॅ. सलीम राज अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष भी रह चुके है, छ.ग. भाजपा में ये काफी , महत्वपूर्ण स्थान रखते है।

उन्होंने बताया कि उच्च वर्ग के अधिकांश मुस्लिमों का कांग्रेस से नाता रहा है, लेकिन पसमंदा मुसलमान किसी पार्टी से जुड़े नहीं है। स्नेह यात्रा से प्रयास करेंगे कि इन्हें न्याय दिलाया जाये। विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा का फोकस छत्तीसगढ़ पर अधिक है। इसीलिए अल्पसंख्यक मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति का आयोजन भी रायपुर में किया गया। मोदी मित्र अभियान भी तेजी से चलाया जा रहा है, ताकि विधानसभा में भी फायदा देखने को मिले। इस वर्ष नवम्बर के दुसरे सप्ताह में चुनाव संभावित है।

मित्र बनने वाले सभी मुस्लिमों का डाटा भी रखा जा रहा है, जिससे उन्हें समय-समय पर संदेश भेजे जा सकें। इनमें वकील, अकाउंटेंट, मीडियाकर्मी, प्रोफेसर, डॉक्टर और अन्य प्रोफेशनल को जोड़ने की कोशिश है। पार्टी का मानना है कि ऐसे लोग भी हैं जो बीजेपी का हिस्सा नहीं बनना चाहते, लेकिन पीएम मोदी के काम की सराहना करते हैं। अभियान का संयोजक रिटायर्ड आईपीएस अफसर मोहम्मद शोएब खान को बनाया गया है। डा. सलीम राज के मुताबिक 13 जून से मोदी मित्र अभियान छत्तीसगढ़ में चल रहा है। मुस्लिमों के लिए मोदी सरकार के नौ साल में किए गए कार्यों के पाम्पलेट भी बांटे जा रहे हैं। तीन तलाक को लेकर महिलाओं में अच्छा खासा रिस्पांस है। मुस्लिम महिलायें भी भाजपा से लगातार जुड़ रही है।

जाने मोदी मित्र अभियान के बारे में :

भारतीय जनता पार्टी ने मुस्लिम समाज के लिए मोदी मित्र अभियान की शुरुआत सबसे ज्यादा लोकसभा सीटों वाले प्रदेश उत्तर प्रदेश से की है। मोदी मित्र अभियान का जिम्मा भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा को दिया गया है। इस अभियान का मकसद ज्यादा से ज्यादा मुसलमानों को भारतीय जनता पार्टी से जोड़ना है। पार्टी ने 2024 लोकसभा चुनाव से पहले 3.25 लाख मोदी मित्र बनाने का लक्ष्य रखा है। मुस्लिम बाहुल्य हर लोकसभा में करीब 5 हजार मोदी मित्र बनाने का जिम्मा एक प्रभारी और 3 सह प्रभारियों को सौंपा गया है। हर लोकसभा में 750 मोदी मित्र सर्टिफिकेट भी दिए जाएंगे। रायपुर लोकसभा क्षेत्र में अनुमानित तौर पर 1 लाख 70 हजार, बिलासपुर में 1 लाख 10 हजार, सरगुजा में 1 लाख, बस्तर में 90 हजार और राजनांदगांव में 90 हजार मुस्लिम हैं। आमतौर पर एक विधायक चुनाव में 15 हजार से 25 हजार वोटर अगर एक तरफ आ जाते है, तो उसी पार्टी का विधायक जितना आसान हो जाता है।