जयपुर (राजस्थान) : भारत से पाक गई अलवर की अंजू के बाद राजस्थान में एक और ऐसा ही मामला सामने आया। सीकर के श्रीमाधोपुर की रहने वाली 17 साल की नाबालिग अपने प्रेमी से मिलने पाकिस्तान जाने के लिए जयपुर के एयरपोर्ट पहुंची।एयरपोर्ट पर CISF के जवानों ने उसे कस्टडी में ले लिया। नाबालिग को CISF जवानों ने एयरपोर्ट पुलिस को सौंप दिया। पूछताछ में पता चला कि लड़की लाहौर में अपने प्रेमी से मिलने जा रही थी। जिसके बाद उसे पकड़कर पूछताछ की जाने लगी।
डीसीपी ईस्ट ज्ञानचंद यादव ने बताया कि दोपहर में 2 बजे एक लड़की दो लड़कों के साथ एयरपोर्ट पहुंची थी। जहां उसने पाकिस्तान का टिकट मांगा। एयरपोर्ट स्टाफ ने पहले मजाक समझा, लेकिन उसके बाद लड़की ने उन्हें बताया कि वह पाकिस्तानी है। अपनी बुआ के साथ तीन साल पहले भारत आई थी। वह सीकर के श्रीमाधोपुर में रह रही थी। कुछ दिन पहले उसका बुआ से झगड़ा हो गया। इसके बाद वह शुक्रवार सुबह बस से जयपुर पहुंच गई। अब वह पाकिस्तान जाना चाहती है, उसे पाकिस्तान का टिकट दिया जाये।
बस में मिले दो लड़के, एयरपोर्ट छोड़ने आ गए :
लड़की के साथ मौजूद दोनों लड़कों ने पूछताछ में बताया कि लड़की जिस बस में थी, वह भी उसी बस में बैठे थे। बस में उनकी लड़की से बात हुई। वह उसे छोड़ने के लिए एयरपोर्ट तक पहुंच गए। डीसीपी ईस्ट ज्ञानचंद यादव ने बताया कि लड़की ने पहले बताया कि वह लाहौर के पास इस्लामाबाद की रहने वाली है। इसके बाद महिला केंद्र से भी महिलाओं को बुलाकर लड़की से पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि लड़की सीकर के श्रीमाधोपुर की रहने वाली है। लड़की से जितनी भी पूछताछ की गई सभी बांतें स्थानीय तौर पर गलत निकली। पता चला कि करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती लाहौर के युवक असलम लाहोरी से हुई थी। लड़की ने बताया कि मेरे स्कूल की दूसरी लड़कियों से भी असलम की दोस्ती है।
असलम ने ही लड़की को झांसा दिया और सिखाया कि एयरपोर्ट पर जाकर उसे क्या बोलना है। लड़की का मोबाईल सीज कर लिया गया है। लड़की के मोबाईल को चेक किया जाएगा। लड़की के घरवालों को सूचना दे दी गई है। उन्हें भी पता नहीं है कि उनकी लड़की किसी लड़के से मिलने के लिए पाकिस्तान जा रही थी। इस बात की जानकारी होने के बाद परिजन सकते में है, उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी।
पुलिस बोली- हनीट्रेप का मामला लगता है :
पुलिस का कहना है कि यह हनीट्रेप का मामला लगता है। लड़की का आरोपी ने ब्रेन वॉश किया था। लड़की ने पूछताछ में बताया है कि उसकी अन्य दोस्त भी इंस्टाग्राम पर असलम लाहौरी के साथ बातें करती हैं। ऐसे में पुलिस लड़की के मोबाईल फोन से असलम का इंस्टाग्राम अकाउंट चेक कर रही हैं। पता किया जा रहा है कि वह भारत की कितनी लड़कियों के संपर्क में था। इस युवती के अलावा क्या कोई अन्य युवतियां भी ये कदम उठा चुकी है, पुलिस इसकी पतासाजी करने में जुटी हुई है।
250 रुपए लेकर एयरपोर्ट पहुंची
एटीएस और आईबी के सीनियर अधिकारी भी एयरपोर्ट थाने पहुंचे। उन्होंने भी लड़की से पूछताछ की। लड़की के पास पुलिस को 250 रुपए मिले हैं। वहीं, सीकर एसपी करण शर्मा ने बताया- लड़की ने नांगल नाथूसर गांव का जिक्र किया है, लेकिन जब स्थानीय पुलिस ने पूछताछ की तो गांव के लोगों ने बताया – उन्हें उसके बारे में जानकारी नहीं है। पता करने पर यह जानकारी भी गलत निकली, पुलिस ने युवती को अभी अपनी निगरानी में रखा है और उससे पूछताछ कर रही है, परिजनों के आने के बाद आवश्यक कार्यवाही करके युवती को उसके परिजनों के सौंप दिया जायेगा।