इंदौर (म.प्र.) : 22 वर्षीय सिमरन अपने परिवार को बताये बिना घर से भाग गई, परेशान परिजन थाने पहुंचे, युवती से साथ किसी अनहोनी के डर से पुलिस बी युवती को सरगर्मी से खोजने लगी। पुलिस जिस युवती की सरगर्मी से तलाश में जुटी थी वह मंगलवार रात स्वयं लौट आई। युवती को देख पहले तो पुलिसकर्मी चौंक गए। जैसे ही उसने प्रेमी संग जाना बताया तो पुलिसकर्मी शादी की तैयारियों में जुट गए। थाना परिसर में ही वरमाला पहनाकर दोनों ने शादी कर ली।
थाना प्रभारी राजेश साहू के मुताबिक, धर्मराज कालोनी निवासी 22 वर्षीय सिमरन 15 अक्टूबर को घरवालों को बताए बगैर चली गई थी। मां कोमल द्वारा थाना में गुमशुदगी दर्ज करवाई गई। लड़की के साथ गलत न हो इस तनाव में पुलिसवाले भी तलाश में लगे हुए थे। मंगलवार रात सिमरन प्रेमी जतीन तिवारी निवासी नगीन नगर के साथ थाने पहुंच गई।
सिमरन ने कहा कि वह जतीन से प्रेम करती है और उसके साथ ही रहेगी। सिमरन के परिजनों को पुलिस ने बुलाया तो पहले शादी से आनाकानी करने लगे। पुलिसवालों ने कहा, लड़की बालिग है। उस पर किसी चीज का दबाव नहीं बनाया जा सकता। जतीन के परिजन भी शादी नहीं करना चाहते थे। पुलिसवालों के समझाने पर उन्हें भी मानना पड़ा, जब वो मान गये तो सहमति से युवक-युवती का विवाह संपन्न करवाया गया।
रात में पुलिसवालों ने शादी की तैयारी करवाई परिसर में बने मंदिर में दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर शादी कर ली। टीआइ के मुताबिक, मंदिर परिसर में ही वर-वधु पक्ष के उन लोगों को बुलाया गया था जो शादी के खिलाफ थे। दोनों पक्षों ने रजामंदी दी और स्वयं शादी में शामिल हुए। इस तरह शादी संपन्न हुई।