रायपुर/बीजापुर : पत्रकार मुकेश चंद्राकार हत्याकांड मामले में बीजापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड ठेकेदार सुरेश चंद्राकार को हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया है। SIT ने यह गिरफ्तारी रविवार देर रात की है। पुलिस इससे पहले सुरेश के दो भाइयों, रितेश और दिनेश चंद्राकर और एक मजदूर को गिरफ्तार कर चुकी है। यह गिरफ्तारी 6 जनवरी 2025 को हुई। बता दें कि सुरेश चंद्रकार कांग्रेस नेता और ठेकेदार भी हैं, जिसे पकड़ने के लिए SIT की टीम शनिवार को हैदराबाद गई थी। बीजापुर एसपी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि हत्याकांड का मुख्य आरोपी सुरेश चंद्राकर है, जो पत्रकार मुकेश चंद्राकर का रिश्तेदार ही है। सुरेश चंद्राकर कांग्रेस नेता है और मुकेश ने उसके भ्रष्टाचार को उजागर किया था, जिसके कारण वो उससे नाराज था और दुश्मनी निकालने की फ़िराक में था। सुरेश चंद्राकर की पत्नी को भी पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्या मामले में रविवार की शाम कांकेर से हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। बता दें कि घटना के बाद से ही आरोपी ठेकेदार सुरेश चंद्राकर फरार था।
वहीँ अब मुकेश चंद्राकर की ऑटोप्सी रिपोर्ट में बड़े खुलासे हुए हैं। उनके किडनी के 4 टुकड़े मिले है, जबकि 5 पसलियां टूट गई। सिर में 15 फ्रैक्चर, हार्ट फटा और गर्दन टूटी मिली है। डॉक्टरों ने कहा, उन्होंने 12 वर्ष के करियर में ऐसी हत्या नही देखी। यह हत्याकांड सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ में काफी रोष है। पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से अपील की थी कि मुकेश चंद्राकर की हत्या में शामिल अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। इसके साथ ही, उन पर कड़ी कार्यवाही करते हुए उनकी संपत्ति को कुर्क कर पत्रकार के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। साथ ही दिवंगत पत्रकार बलिदानी का दर्जा देने की मांग की है।
जल्द लागू करेंगे पत्रकार सुरक्षा कानून : विष्णु देव साय
राम से बड़ा है राम का नाम , रोज सुने यह धुन , लिंक पर करें क्लिक : https://www.youtube.com/watch?v=TIkGGHYTb_Y
इससे पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने का भरोसा दिया। रविवार को गरियाबंद दौरे में पत्रकारों के प्रश्न पर उन्होने कहा कि पत्रकारों के लिए सुरक्षा कानून जल्द लागू किया जायेगा। सरकार पत्रकारों के साथ है। पूर्ववर्ती कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार में मार्च 2023 में छत्तीसगढ़ मीडियाकर्मी सुरक्षा विधेयक, 2023 विधानसभा से पारित कराया गया था। इस विधेयक को राजभवन से भी मंजूरी मिल चुकी है।



