नई दिल्ली : सोने ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को सोने की कीमत 2,430 रुपये बढ़कर 88,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई है। सामने आई खबर के मुताबिक, आभूषण विक्रेताओं और खुदरा विक्रेताओं की भारी खरीदारी से भी कीमतों में तेजी आई है। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाली कीमती धातु पिछले सप्ताह 86,070 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। स्थानीय बाजारों में 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 2,430 रुपये बढ़कर 88,100 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया। चांदी की कीमत 1,000 रुपये बढ़कर 97,500 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। वहीँ अब सोने को लेकर इस साल के अंत तक 1 लाख पार करने का अनुमान है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा अमेरिका में सभी इस्पात और एल्युमीनियम आयात पर 25 प्रतिशत का नया शुल्क लगाने की घोषणा के बाद वैश्विक स्तर पर हाजिर बाजारों में कीमती धातु ने 2,900 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर को पार कर लिया। एमसीएक्स पर वायदा कारोबार में अप्रैल डिलीवरी के लिए सोने के अनुबंधों में 940 रुपये की तेजी आई और यह 85,828 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। जून डिलीवरी के लिए बाद के अनुबंध में 1,015 रुपये या 1. 18 प्रतिशत की तेजी आई और यह 86,636 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर पहुंच गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर मार्च डिलीवरी के लिए चांदी वायदा 632 रुपये बढ़कर 95,965 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। वैश्विक स्तर पर, कॉमेक्स सोना वायदा 45. 09 डॉलर प्रति औंस या 1. 56 प्रतिशत बढ़कर 2,932 डॉलर के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया। प्रति औंस।
शेयर बाज़ार हुआ धड़ाम :
खास ख़बरों के लिये सब्सक्राईब करें हमारा यूट्यूब चैनल : https://www.youtube.com/@MachisMediaNews/
निवेशकों को शेयर बाजार लगातार झटके पर झटका दिए जा रहा है। सोमवार को घरेलू शेयर बाजार एक बार फिर बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का बेंचमार्क, सेंसेक्स 548.39 अंक की जोरदार गिरावट के साथ 77,311.80 के लेवल पर बंद हुआ। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का इंडेक्स निफ्टी 50 भी 178.35 अंक टूटकर कारोबार के आखिर में 23,381.60 के लेवल पर बंद हुआ। शेयर बाजार में गिरावट का रुझान लगातार जारी है। निवेशकों को हाल के समय में जोरदार नुकसान उठाना पड़ा है। आज निफ्टी पर ट्रेंट, पावर ग्रिड कॉर्प, टाटा स्टील, टाइटन कंपनी, ओएनजीसी सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर के तौर पर शुमार हुए जबकि कोटक महिंद्रा बैंक, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयरों में बढ़त देखने को मिली। आज के कारोबार में निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में 2-2 प्रतिशत की गिरावट आई। मेटल, मीडिया, फार्मा, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एनर्जी, रियल्टी में 2-2 प्रतिशत की कमजोरी के साथ सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान पर बंद हुए।



