बलौदाबाजार : सोशल मीडिया के ज़माने में लोग खुद को ही हीरो-हिरोइन समझने लगते है, जिसके कारण वो दुनियां को दिखाने के चक्कर में कई बार बड़ी गलती कर देते है, जो आपराधिक कृत्य जैसी हो जाती है, ऐसे ही अपने जन्मदिन के उत्सव में तलवार लहराकर केक काटना एक युवक को काफी भारी पड़ गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से धारदार तलवार ज़ब्त कर ली है। यह मामला बलौदाबाजार जिले के गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र का है। जहां ग्राम बरेली निवासी सूरज कुमार साहू ने अपने जन्मदिन के मौके पर तलवार लहराते हुए केक काटा और इसका वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया था, जिसके बाद वो पुलिस तक पहुंचा।
जानकारी के अनुसार, सूरज कुमार ने अपने जन्मदिन के अवसर पर दोस्तों के बीच तलवार लहराते हुए केक काटने का वीडियो बनवाया था। इस वीडियो को उसने इंस्टाग्राम पर साझा किया, जो जल्द ही वायरल हो गया। वीडियो में धारदार तलवार का प्रदर्शन और सार्वजनिक रूप से हथियार लहराना साफ दिखाई दे रहा था। इसकी जानकारी मिलते ही गिरौदपुरी चौकी पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी सूरज कुमार को हिरासत में लिया और उसके कब्जे से तलवार ज़ब्त कर ली है और उसके खिलाफ आवश्यक धाराओं में कार्यवाही की गई है।
पुलिस ने दी चेतावनी :
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, आरोपी के इस कृत्य से समाज में भय का माहौल उत्पन्न हो सकता था, जिसे ध्यान में रखते हुए उसके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्यवाही की गई है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि इस तरह के हथियार प्रदर्शन और सोशल मीडिया पर वायरल करने जैसे कृत्य को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीँ ऐसे विडियो कई बार नशेड़ी किस्म के और आपराधिक किस्म के युवकों द्वारा दहशत फैलाने के उद्देश्य से भी बनाये और वायरल किये है।
खुशी के मौकों पर भी कानून का पालन करें : पुलिस
खास ख़बरों के लिये सब्सक्राईब करें हमारा यूट्यूब चैनल : https://www.youtube.com/@MachisMediaNews/
वहीँ यह मामला सामने आने के बाद बलौदाबाजार पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि, जन्मदिन और अन्य खुशी के मौकों पर कानून का पालन करें और ऐसी हरकतों से बचें, जिससे समाज में गलत संदेश जाए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस प्रकार की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय क्षेत्र में चर्चा है कि सोशल मीडिया पर दिखावा और प्रसिद्धि पाने की होड़ में युवक ने ऐसा कदम उठाया है, जो अंततः उसे कानूनी कार्यवाही तक ले गया है। पुलिस ने ऐसी हरकतें करने से मना किया है।



