राजनांदगांव : वर्तमान में गुंडे बदमाश बेख़ौफ़ होते जा रहे है, जिससे हर तरफ दहशत का माहौल बन रहा है, आम कारोबारी और आम लोगों को डर के साय में जीने को मजबूर होना पड़ रहा है। ऐसे ही शहर के सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले मानव मंदिर चौक के पास बुधवार देर रात एक सनकी युवक ने फल विक्रेता पर चाकू से ताबड़तोड़ वारकर गंभीर रुप से घायल कर दिया, इस घटना से वहां गुजर रहे लोग सहम गये। इस अचानक हुई वारदात ने लोगों में भय का माहौल बना दिया। हालांकि, इस घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने तेजी दिखाते कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है।
इस घटना में मिली जानकारी के अनुसार, जयस्तंभ चौक के पास रहने वाला फल विक्रेता अनूप यादव उर्फ मुण्डु यादव रोज की तरह अपनी दुकान पर था। इसी दौरान क्षेत्र के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद महफूज शेख (28 वर्ष) से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी महफूज ने अचानक जेब से धारदार बटनदार चाकू निकाला और अनूप पर ताबड़तोड़ वार करने लगा, जिससे अनूप की हालत गंभीर हो गई।
इस हमले से बचने की कोशिश में अनूप वहाँ से भागकर मानव मंदिर चौक स्थित लक्ष्मी मेडिकल स्टोर की ओर दौड़ा। लेकिन आरोपी उसका पीछा करते हुए मेडिकल स्टोर तक जा पहुंचा और वहीं दोबारा अनूप पर अनेक वार किए। अचानक हुए इस हमले से मेडिकल स्टोर में मौजूद लोग और स्टाफ भी दहशत में आ गए और वहां से भाग निकले। पूरा घटनाक्रम स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसके आधार पर आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया।
हमले के बाद पुलिस की तत्परता :
इस घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में चल रही कॉम्बिंग गश्त की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल अनूप को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल, राजनांदगांव में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर किया गया। वहीँ इस मामले में पीड़ित के पिता राजकुमार यादव की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 109(1) BNS और धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और तत्काल उसकी तलाश शुरू की।
थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के कई क्षेत्रों में दबिश दी और वारदात के कुछ घंटों के भीतर ही आरोपी महफूज शेख को चिखली के शांति नगर, गली नंबर-2 से गिरफ्तार कर लिया गया, पकड़ने के बाद उसका जुलूस निकाला गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू और एक स्कूटी भी जब्त की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसे गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी महफूज शेख एक सनकी, झगड़ालू और बदमाश प्रकृति का व्यक्ति है। उसके खिलाफ पूर्व में भी गंभीर अपराध, जिसमें हत्या के प्रयास (हाफ मर्डर) जैसे मामले दर्ज हैं। वह क्षेत्र में लगातार अपनी दहशत बनाता रहा है। इस संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम के साथ उप-निरीक्षक धनीराम नारंगे, प्रआर जी. सिरील कुमार, शंभूनाथ द्विवेदी, संदीप चौहान, आरक्षक प्रयंश सिंह, श्रीनिवास राव, राम नारायण चंदेल, अविरल भगत एवं थाना स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही। सभी ने त्वरित कार्यवाही को अंजाम दिया।



