रायपुर : विश्व जागृति मिशन मंडल के संस्थापक सद्गुरु सुधांशु महाराज गुरु पूर्णिमा के पावन प्रसंग पर छत्तीसगढ़ की धर्मधानी में विराजमान रहेंगे। यहाँ विशेष रूप से उनका दिव्य भक्ति सत्संग यहां बलबीर सिंह जुनेजा स्टेडियम बुढ़ापारा में 4 से 7 दिसंबर तक होगा। जिसकी तैयारियां इन दिनों जोरों पर हैं। वहीँ नगर निगम के सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने गुरुवार को सरदार बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम का औचक निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान परिसर में भारी गंदगी, कचरे के ढेर और साफ-सफाई की पूरी तरह से कमी देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई है। वर्तमान में निगम की सफाई व्यवस्था पूरे शहर में चरमरा गई है। हर जगह गंदगी का माहौल बना हुआ है।
तत्काल सफाई अभियान के निर्देश :
सभापति राठौड़ ने मौके पर ही जोन-4 के कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह को बुलाकर स्टेडियम का निरीक्षण कराया और उन्हें तुरंत नगर निगम की टीम भेजकर सफाई अभियान शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में प्राथमिकता के आधार पर स्वच्छता बहाल की जाए। इसके साथ ही सूर्यकांत राठौड़ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि स्टेडियम की सफाई का जिम्मा संभाल रहे ठेकेदार द्वारा यदि तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही नहीं की गई, तो उसका ठेका रद्द कर उसे नगर निगम की ब्लैकलिस्ट में डाल दिया जायेगा।
सीवरेज चैंबर्स के टूटे ढक्कन भी बने समस्या :
निरीक्षण के दौरान सभापति ने स्टेडियम की सीवरेज लाइन के कई चैंबर्स को खुले और ढक्कन टूटा हुआ पाया गया। इसे गंभीर सुरक्षा संकट मानते हुए उन्होंने कार्यपालन अभियंता को निर्देश दिया कि सभी टूटे ढक्कनों को तत्काल बदलवाया जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। राठौड़ ने स्पष्ट कहा कि इंडोर स्टेडियम जैसी महत्वपूर्ण सार्वजनिक सुविधा में गंदगी और अव्यवस्था किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जायेगी और नगर निगम सख्त रवैया अपनायेगा। सफाई व्यवस्था को लेकर उन्होंने जिम्मेदारों को खरीखोटी सुनाई।



