हादसे के बाद गौ तस्करी का खुलासा, 4 गौवंशों की मौत, 5 घायल, तस्कर मौके से हुये फरार।

सरगुजा : मांस खाने वालों की संख्या बेतहाशा बढ़ गई है, जिसके कारण उसकी पूर्ति करने के लिये लगातार गौवंश की बलि चढ़ रही है, कई बार गौतस्करी के मामले सामने आते रहते है, और कई जगह गाय को काटे जाने के मामले सामने आ चुके है। ऐसे ही एक घटना में सरगुजा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन के पलटने के बाद गौ तस्करी का खुलासा हुआ है। इस हादसे में कई गौवंशों की मौत हो गई है, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बतौली–बगीचा मुख्य मार्ग की है, जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया था।

वहीँ दुर्घटना के बाद जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में गौवंश ठूंस-ठूंस कर भरे हुए मिले। वाहन में कुल 9 गौवंश लोड थे, जिनमें से 4 की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 5 गौवंश गंभीर रूप से घायल हो गये। वहीं हादसे के बाद पिकअप चालक और गौ तस्करी में शामिल आरोपी मौके से फरार हो गये। इस घटना की सूचना मिलते ही गौ सेवक और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से वाहन में दबे गौवंशों को बाहर निकाला गया। घायल गौवंशों का उपचार किया गया है। फिलहाल, बतौली थाना पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। वहीँ स्थानीय लोगों ने इस घटना में अपना आक्रोश जताया है। राज्य में खुलेआम गौतस्करी हो रही है, जो काफी चिंतनीय है।