शराब दुकान में आई चौंकाने वाली घटना, 7 लाख के लॉकर सहित CCTV का DVR भी ले उड़े चोर।

रायपुर : राजधानी में चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ रायपुर के सरोना स्थित सरकारी कंपोजिट शराब दुकान में चोरी की बड़ी वारदात हुई है। यहाँ अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर लगभग 7 लाख रुपये से भरे लॉकर को उखाड़कर पार कर दिया है और इस घटना के बाद आबकारी विभाग और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि सरोना स्थित कंपोजिट विदेशी शराब दुकान से बदमाश करीब 7 लाख रुपए से भरा लॉकर ही उखाड़कर ले गये है। वहीँ वारदात को अंजाम देने के बाद चोर CCTV कैमरों का DVR भी अपने साथ ले गये, जिससे पुलिस को कोई सुराग न मिल सके।

इस मामले में मिली जानकारी के मुताबिक, शातिर चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर और चार स्कैनर भी अपने साथ ले गये, ताकि उनके खिलाफ कोई साक्ष्य न बच सके। इस घटना की जानकारी सुबह 10 बजे सुपरवाइजर के दुकान पहुंचने पर लगी, सूचना के बाद आबकारी विभाग और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डॉग स्क्वॉड के साथ पहुंचे और जगह का मुआयना किया और पुलिस को सूचना दी गई।

गार्ड ने फोन किया बंद :

इस मामले में जब अधिकारियों ने गार्ड से संपर्क करने की कोशिश की, तो पहली बार फोन उठाने पर गार्ड ने जानकारी दी कि जब उसने आखिरी बार देखा तो ताला बंद था, वहीँ दोबारा संपर्क करने पर मोबाइल बंद कर दिया गया। अब गार्ड की भी तलाश जारी है, जिस पर इस घटना में मिली भगत का संदेह जताया जा रहा है, यह घटना आमानाका थाना क्षेत्र की है। रविवार सुबह दुकान संचालकों को चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

CCTV का DVR भी गायब

बताया गया है कि चोरों ने पहचान छिपाने के लिए दुकान में लगे CCTV सिस्टम का DVR भी निकाल लिया। इससे पुलिस को फुटेज के जरिए आरोपियों तक पहुंचने में चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों और सड़कों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल डीसीपी वेस्ट, एसीपी पुरानी बस्ती, आमानाका थाना पुलिस, डॉग स्क्वायड और अन्य जांच एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिये इस मामले की गंभीरता को देखते हुए आबकारी विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और दुकान प्रबंधन से जानकारी ली। कैश की वास्तविक राशि, सुरक्षा व्यवस्था और चोरी के समय को लेकर जांच की जा रही है।

पुलिस का मानना है कि वारदात में पेशेवर चोरों का हाथ हो सकता है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल :

इतनी बड़ी चोरी के बाद शराब दुकान की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं, आखिर चोर दुकान में कैसे घुसे, लॉकर कैसे उखाड़ ले गए और किसी को भनक तक क्यों नहीं लगी? पुलिस अब इन्हीं सवालों के जवाब तलाश रही है। फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच कर रही है और चोरों की तलाश जारी है, लेकिन इस वारदात ने यह जरूर साबित कर दिया कि चोर शराब पीने नहीं, बल्कि शराब दुकान का खजाना उड़ाने पहुंचे थे। वहीँ गार्ड की पतासाजी भी की जा रही है।